अजमेर जिला परिषद वार्ड परिसीमन पर आपत्ति का आज अंतिम दिन, वार्डों की संख्या बढ़कर 33
अजमेर।
पंचायतीराज चुनावों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। अजमेर जिला परिषद के वार्ड परिसीमन का ड्राफ्ट जारी होने के बाद उस पर आपत्ति दर्ज कराने की आज अंतिम तिथि है। निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर संशोधन किया जाएगा और इसके पश्चात जिला परिषद वार्डों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
गौरतलब है कि नए परिसीमन के बाद अजमेर जिला परिषद में वार्डों की संख्या 32 से बढ़कर 33 हो गई है। हालांकि यह संख्या और अधिक हो सकती थी, लेकिन ब्यावर के नए जिले के रूप में गठन होने से अजमेर जिले के कुछ वार्ड अलग हो गए। इसके बावजूद एक अतिरिक्त वार्ड जोड़ते हुए कुल 33 वार्ड निर्धारित किए गए हैं।
30 दिसंबर को हुआ था ड्राफ्ट का प्रकाशन
अजमेर जिला कलेक्टर लोकबंधु की ओर से 30 दिसंबर 2025 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के वार्डों का ड्राफ्ट प्रकाशित किया गया था। यह ड्राफ्ट राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 और पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत तैयार किया गया है। ग्रामीण मतदाता और जनप्रतिनिधि 6 जनवरी 2026 तक अपनी लिखित आपत्तियां संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार या जिला कलेक्टर कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।
प्राप्त आपत्तियों को उपखंड अधिकारी और तहसीलदार अपने-अपने कार्यालयों, पंचायत समिति और ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करेंगे तथा तय अवधि में जिला कलेक्टर कार्यालय को भेजेंगे।
पंचायत समितियों की संख्या में भी बदलाव
नए परिसीमन के बाद अजमेर जिले में अब कुल 10 पंचायत समितियां रह गई हैं। पहले अजमेर जिला परिषद में 11 पंचायत समितियां शामिल थीं, लेकिन मसूदा और जवाजा पंचायत समितियों को नवगठित ब्यावर जिले में शामिल कर दिया गया है। वहीं बडल्या को नई पंचायत समिति के रूप में गठित किया गया है।
जनसंख्या मापदंड में भी संशोधन
परिसीमन के दौरान वार्डों की जनसंख्या सीमा में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां एक वार्ड के लिए सात हजार से अधिक जनसंख्या का प्रावधान था, वहीं नए परिसीमन में इसे घटाकर लगभग तीन हजार किया गया है। इससे वार्डों के आकार में संतुलन और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में घटे वार्ड
अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में नए परिसीमन के बाद वार्डों की संख्या घटकर 19 रह गई है, जबकि पहले यहां 41 वार्ड थे। नई ग्राम पंचायतों और पंचायत समिति पुनर्गठन के चलते कई ग्राम पंचायतों को बडल्या पंचायत समिति में सम्मिलित कर दिया गया है, जिसके कारण अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के वार्डों की संख्या में यह कमी आई है।