कृषि विभाग आत्मा योजनान्तर्गत सात दिवसीय अन्तरराज्यीय महिला कृषक भ्रमण दल रवाना
कृषि विभाग आत्मा योजनान्तर्गत सात दिवसीय अन्तरराज्यीय महिला कृषक भ्रमण दल रवाना
अजमेर, 16 नवम्बर। आत्मा योजना के तहत जिले के महिला कृषकों का दल अन्तरराज्यीय कृषक भ्रमण के लिए सोमवार को रवाना हुआ। महिला कृषक भ्रमण दल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा श्रीमती अनुप्रिया यादव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
आत्मा योजनान्तर्गत कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र से जुड़ी नई तकनीक एवं अनुसंधान को जिले के किसानों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले की विभिन्न पंचायत समितियों से प्रगतिशील महिला कृषकों को अन्तर राज्यीय कृषक भ्रमण गतिविधि के दौरान हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब राज्य के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालय, अनुसंधान संस्थान, कृषि प्रशिक्षण संस्थान, कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि प्रसंस्करण इकाइयों एवं प्रगतिशील कृषकों आदि के यहाँ अवलोकन कराया जाएगा।
कृषक मशरूम की उन्नत खेती, आलू की उन्नत किस्मों और कृषि तकनीकी की जानकारी, उन्नत बीज किस्म, जल एवं मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशी उपयोग, समेकित खेती प्रणाली, जैविक खेती, संरक्षित खेती, उद्यानिकी, डेयरी, एवं पशुपालन इत्यादि से जुड़ी गतिविधियों को जानने का प्रयास करेंगे। कृषकों का यह दल भारतीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल, राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान, करनाल, केन्द्रीय फसल कटाई अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, लुधियाना, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, पंजाब, डायरेक्टरेट ऑफ मशरूम रिसर्च, चम्बाघाट, सोलन, सेन्ट्रल पोटेटो रिसर्च इंस्टीट्यूट, शिमला, केन्द्रीय भैंस अनुसंधान केन्द्र, हिसार आदि स्थानों का दौरा करेंगे।
इस मौके पर भ्रमण प्रभारी सुश्री पूजा दोतानिया, कृषि अधिकारी श्री अभय राज दुलारा एवं सहायक कृषि अधिकारी उपस्थित रहे।