हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की कार्यशाला एवं जिला कार्यकारिणी बैठक आयोजित
हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की कार्यशाला एवं जिला कार्यकारिणी बैठक आयोजित
अजमेर। हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान राज्य, जिला मुख्यालय अजमेर के तत्वावधान में जिला कार्यकारिणी बैठक एवं कार्यशाला का गुरुवार को होटल दाता इन में आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अजमेर जिले में स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना तथा संगठन को मजबूत दिशा प्रदान करना था। कार्यक्रम में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउटिंग और गाइडिंग केवल एक संगठनात्मक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक सशक्त कला है। जिला सचिव रामविलास जांगिड़ ने बताया कि स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों में टीमवर्क, व्यावहारिक ज्ञान और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में स्काउटिंग एक सशक्त माध्यम है।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि अजमेर जिले के सभी शैक्षणिक ब्लॉकों में स्काउटिंग गतिविधियों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया गया ताकि स्कूलों में प्रशिक्षण, शिविर, सेवा कार्य और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा सकें। जिला संगठन आयुक्त स्काउट रमेश कुमार ने बताया कि स्काउटिंग बच्चों को व्यवहारिक जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार करती है। जिला संगठन आयुक्त ब्यावर रूपेश कुमार मीणा ने कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य सेवा, सहयोग और अनुशासन की भावना को समाज में स्थापित करना है। कार्यक्रम में जिला प्रभारी अजमेर श्री दीपक प्रजापत ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि स्काउट्स और गाइड्स को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर “स्काउट गाइड दर्पण” पत्रिका के प्रकाशन पर भी सभी पदाधिकारियों ने खुशी व्यक्त की और इसे संगठन की प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष वंश प्रदीप सिंह, उपाध्यक्ष चेतन भाटी, सहायक जिला सचिव निधि तिवारी, प्रिंसिपल संस्था प्रधान प्रतिनिधि गरिमा भारद्वाज, गोपाल धाकड़, पीरचंद, जयकांत शर्मा, नरेंद्र सेन, श्रवण गुर्जर, गोपाल प्रजापत, विजय सिंह, आनंदपाल शेखावत सहित अजमेर जिले के केकड़ी, अरांई, किशनगढ़, सावर, सरवाड़, श्रीनगर, अजमेर ग्रामीण, पीसांगन, भिनाय और अजमेर शहर के शैक्षणिक ब्लॉक सचिव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार प्रजापति ने किया।