ग्राम रथ अभियान ग्राम पंचायत भराई में मिली जर्जर मकान से राहत
सफलता की कहानी-4
ग्राम रथ अभियान
मिली जर्जर मकान से राहत
ग्राम पंचायत भराई में ग्रामीण विकास रथ के आगमन के अवसर पर लाभार्थी श्री शंकर पुत्र श्री रामस्वरूप भारती ने प्रधानमंत्री आवास योजना से प्राप्त लाभ के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह योजना उनके परिवार के लिए सुरक्षित आवास, सम्मानजनक जीवन और उज्ज्वल भविष्य का आधार बनी है। उन्होंने बताया कि योजना से पूर्व उनका परिवार कई वर्षों से कच्चे एवं जर्जर मकान में निवास कर रहा था। मकान की छत कमजोर होने के कारण बरसात के मौसम में लगातार पानी टपकता था। इससे अनाज, कपड़े, विस्तर एवं घरेलू सामान खराब हो जाते थे। दीवारों में दरारें पड़ चुकी थीं तथा सीलन के कारण घर का वातावरण अस्वच्छ और असुविधाजनक बना रहता था। तेज आंधी, वर्षा और ह्वा चलने पर मकान गिरने का डर हर समय वना रहता था। उन्होंने आगे बताया कि गर्मी के दिनों में कच्चा मकान अत्यधिक गर्म हो जाता था। इससे घर में रहना कठिन होता था।
सर्दियों के मौसम में पर्याप्त बचाव के साधन नहीं होने से परिवार को ठंड का सामना करना पड़ता था। घर छोटा होने के कारण सभी सदस्य एक ही स्थान पर रहते थे। इससे दैनिक कार्यों में कठिनाई होती थी। बच्चों को पढ़ाई के लिए शांत बातावरण नहीं मिल पाता था। इससे उनकी शिक्षा प्रभावित होती थी। श्री शंकर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान स्वीकृत होने के बाद उनके परिवार के जीवन में बड़ा परिवर्तन आया। अब उनका परिवार मजबूत, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त पक्के मकान में रह रहा है। बरसात में पानी टपकने की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है तथा गर्मी और सर्दी दोनों मौसमों में पर्याप्त राहत मिलती है। उन्होंने बताया कि घर में अलग-अलग कमरे एवं पर्याप्त स्थान उपलव्ध होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है। परिवार के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है तथा साफ-सफाई बनाए रखना भी आसान हो गया है।
भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है। इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है तथा उनके जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।