पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी फिर टली, अब निकाय चुनाव के बाद होगी
17-18 सितंबर को प्रस्तावित थी लॉटरी; शहरी निकाय चुनाव के कार्यक्रम के चलते लिया गया फैसला
जयपुर-प्रतीक पाराशर । राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर एक बार फिर प्रक्रिया आगे खिसक गई है। पंचायती राज संस्थाओं के लिए प्रस्तावित लॉटरी का कार्यक्रम अब 17 और 18 सितंबर को नहीं होगा। इसे फिलहाल आगे के लिए टाल दिया गया है।
पंचायती राज विभाग ने राज्य निर्वाचन आयोग को इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि शहरी निकाय चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी कराई जाएगी।
शहरी निकाय चुनाव के चलते बदला कार्यक्रम
दरअसल, शहरी निकाय चुनाव में 17 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जानी है, जबकि 18 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। इसी अवधि में पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी प्रस्तावित थी।
ऐसे में दोनों चुनावी प्रक्रियाओं के कार्यक्रम आपस में टकराने के कारण पंचायती राज विभाग ने लॉटरी को बाद में कराने का निर्णय लिया है।
निकाय चुनाव के बाद होगी लॉटरी
विभाग की ओर से राज्य निर्वाचन आयोग को बताया गया है कि अब पंचायती राज संस्थाओं की लॉटरी शहरी निकाय चुनाव में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के बाद कराई जाएगी।
लॉटरी की नई तारीख को लेकर फिलहाल कोई अंतिम कार्यक्रम सामने नहीं आया है। ऐसे में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों और आरक्षण की स्थिति को लेकर संबंधित क्षेत्रों में नई तारीख का इंतजार रहेगा।