शाहपुरा में उत्तर प्रदेश जैसी खौफनाक पुनरावृत्ति का खतरा बढ़ा।


खूंखार सियार के हमले से दहला ग्रामीण इलाका, खेत खून से रंगे।
खेतों में काम कर रही महिलाओं पर हमला, गंभीर घायल
शाहपुरा, 28 सितंबर 2026- देव कृष्ण राज पाराशर । उपखंड के प्रतापपुरा पंचायत क्षेत्र में जंगली सियार का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। रविवार को सियार ने खेतों में काम कर रही तीन महिलाओं समेत चार लोगों पर अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में खौफ का साया है और ग्रामीण उत्तर प्रदेश के हालिया वन्यजीव हमलों जैसी अनहोनी की आशंका से थर-थर कांप रहे हैं। लोग अपने खेतों में जाने से भयभीत हैं तथा रात के अंधेरे में बाहर निकलने से कतराने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुरा गांव निवासी वृद्धा 65 वर्षीय सुखी देवी तेली जब अपने खेत पर थीं, तब घात लगाकर बैठे एक जंगली सियार ने उन पर अचानक हमला कर दिया और शरीर को जगह-जगह काटकर लहूलुहान कर दिया। दूसरी घटना में 60 साल की बरजी देवी कुम्हार को भी अकेली देख कर नोच डाला।
दो घटना पास ही के गांव लाठियों का खेड़ा में हुई। यहां 18 वर्षीय बदाम जाट अपने खेत में उड़द की फसल काट रही थीं। सियार ने उन पर पीछे से हमला कर दोनों हाथों, एक पैर की जांघ को बुरी तरह नोच डाला और हाथ का अंगूठा भी काट लिया। युवती की चीख-पुकार सुनकर दौड़े किसानों को देखकर सियार मौके से फरार हो गया। इसके अलावा गांव के मेवा जाट पर भी खूंखार सियार ने हमला कर घायल कर दिया। सभी घायलों को शाहपुरा राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश की घटनाओं से सबक लेते हुए स्थानीय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शाहपुरा वन विभाग के रेंजर चतुर्भुज जटिया ने बताया कि भीलवाड़ा और शाहपुरा की संयुक्त टीमें गांवों में सियार की तलाश कर रही हैं। उसकी मूवमेंट पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उपखंड अधिकारी बनवारी सिनसिनवार ने बताया कि विशेष टीम लगातार क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित किया जा सके।
प्रशासन की अपील: उपखंड अधिकारी बनवारी सिनसिनवार ने क्षेत्र से ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा अपने खेतों में अकेले जाने से बचें और झुंड बनाकर रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत वन विभाग को सूचना दें। घबराए नहीं हमने 2 टीमों का गठन किया है जो क्षेत्र में तैनात है, सियार की गति पर नजर है।