17 से 24 नवंबर तक सजेगा पुष्कर मेला, अमित मिश्रा की बॉलीवुड नाइट से लेकर स्वरूप खान की प्रस्तुति तक होंगे कई आकर्षण

17 से 24 नवंबर तक सजेगा पुष्कर मेला, अमित मिश्रा की बॉलीवुड नाइट से लेकर स्वरूप खान की प्रस्तुति तक होंगे कई आकर्षण
Spread the love

पुष्कर। विश्वविख्यात पुष्कर मेले में इस वर्ष 17 से 24 नवंबर 2026 तक आठ दिवसीय सांस्कृतिक, धार्मिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान देशी-विदेशी पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, पारंपरिक खेलों, लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों की विशेष व्यवस्था की गई है। पुष्कर मेला मैदान और पुष्कर सरोवर घाट सहित शिल्पग्राम में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।

कैबिनेट मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने बताया कि विश्वविख्यात पुष्कर मेले का आयोजन 17 से 24 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। मेले के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें ऊंट सज्जा एवं नृत्य प्रतियोगिता, पारंपरिक ग्रामीण खेल, फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल, पुष्कर सरोवर की महाआरती तथा देशभर के प्रसिद्ध लोक कलाकारों और बॉलीवुड गायकों की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। उन्होंने आमजन एवं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से मेले में सहभागिता कर पुष्कर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उत्सव का आनंद लेने की अपील की।

17 नवंबर को होगा मेले का शुभारंभ

मेले की शुरुआत 17 नवंबर को सुबह 10 बजे पूजा, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ होगी। इसके बाद मांडना प्रतियोगिता और स्कूली बालिकाओं के समूह नृत्य का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान, रंगोली, महाआरती एवं पुष्कर अभिषेक होगा। शाम 6:30 बजे वॉयस ऑफ पुष्कर और रात 7 बजे राजस्थानी सहित विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

ऊंट नृत्य, कबड्डी और ग्रामीण खेल होंगे आकर्षण

18 नवंबर को स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ऊंट सज्जा एवं ऊंट नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 19 नवंबर को कबड्डी मुकाबला, घोड़ा नृत्य प्रतियोगिता और अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेलों के तहत रस्साकशी, वॉलीबॉल एवं कबड्डी के मुकाबले होंगे। शाम को लोक नृत्य उत्सव में राजस्थानी लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

20 नवंबर को शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल

20 नवंबर को दोपहर 1 बजे अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल आयोजित होंगे। शाम 4 बजे पुष्कर के शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन किया जाएगा। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती और रात 7 बजे मेला मैदान मंच पर कबीर कैफे की ओर से राजस्थानी एवं सांस्कृतिक बैंड प्रस्तुति होगी।

21 नवंबर को अनवर खान और गुलाबो की प्रस्तुति

21 नवंबर को सुबह विदेशी पर्यटकों के लिए साफा बांधो एवं तिलक प्रतियोगिता तथा मूंछ प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोपहर में अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेलों के फाइनल मुकाबले होंगे। शाम 6 बजे महाआरती के बाद रात 7 बजे ‘बेस्ट ऑफ राजस्थान’ कार्यक्रम में पद्मश्री अनवर खान, गुलाबो और अन्य प्रसिद्ध राजस्थानी लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

22 नवंबर को अमित मिश्रा की बॉलीवुड नाइट

22 नवंबर को महिलाओं के लिए मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती के बाद रात 7 बजे मेला मैदान मंच पर अमित मिश्रा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बॉलीवुड नाइट का आयोजन होगा।

23 नवंबर को लगान स्टाइल क्रिकेट और स्वरूप खान की प्रस्तुति

23 नवंबर को सुबह 11 बजे मेला मैदान में ‘लगान’ स्टाइल क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा। शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल भी जारी रहेगा। शाम 6 बजे पुष्कर महाआरती और रात 7 बजे प्रसिद्ध लोक कलाकार एवं बॉलीवुड गायक स्वरूप खान की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी।

24 नवंबर को होगा भव्य समापन समारोह

आठ दिवसीय पुष्कर मेले का समापन 24 नवंबर को सुबह 10:30 बजे मेला मैदान में आयोजित समारोह के साथ होगा। इस दौरान मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा। समूह नृत्य, कला जत्था यात्रा, मटका दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती के साथ मेले के धार्मिक आयोजनों का समापन होगा।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *