नवनिर्मित केंद्रीय बस स्टैंड का भव्य लोकार्पण, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने किया उद्घाटन
किशनगढ़/अजमेर । मार्बल सिटी किशनगढ़ आज ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनी जब उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने नवनिर्मित केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड का विधिवत उद्घाटन व लोकार्पण किया। इस भव्य समारोह का आयोजन पुराने बस स्टैंड परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक व स्थानीय जनता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह केंद्रीय बस स्टैंड किस्तूरचंद घनश्याम अग्रवाल कुचामन परिवार द्वारा परमार्थ सेवा संस्थान के सौजन्य से निर्माण करवाया गया है। इस जनहित कार्य की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि “राजस्थान सरकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन की सुविधाओं को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में जल्द ही राज्य में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी। किशनगढ़ औद्योगिक नगरी होने के साथ-साथ अब सुविधाओं के क्षेत्र में भी उदाहरण बन रही है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने अग्रवाल परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “यह बस स्टैंड किशनगढ़ की जनता के लिए एक नई सौगात है, जो आने वाले वर्षों में परिवहन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।”

विशिष्ट अतिथि बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत, नगर परिषद सभापति दिनेश सिंह राठौड़, भाजपा नेता प्रकाशचंद जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर विचार व्यक्त किए। सभापति राठौड़ ने बताया कि नगर परिषद द्वारा पुराने बस स्टैंड की जमीन का पट्टा बनाकर रोडवेज को सौंपा गया, जिसके बाद सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी अग्रवाल परिवार ने उठाई और सराहनीय रूप से पूर्ण की।
समारोह में भामाशाह घनश्याम अग्रवाल ने समस्त अतिथियों का स्वागत कर आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य सामाजिक उत्तरदायित्व का एक उदाहरण है और यह बस स्टैंड भविष्य में आमजन की सुविधा का केंद्र बनेगा। अग्रवाल समाज संस्था के महामंत्री प्रदीप अग्रवाल ने उपमुख्यमंत्री से निवेदन किया कि रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक शहर के भीतर बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिस पर डॉ. बैरवा ने रोडवेज प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान हाई मास्क लाइट लगाने की घोषणा भी नगर परिषद सभापति द्वारा की गई। कार्यक्रम के अंत में मंदिर दर्शन, शिलालेख पट्टिका का अनावरण व अतिथियों के सम्मान के साथ समारोह संपन्न हुआ।
समारोह में मौजूद प्रमुख गणमान्य व्यक्ति:
सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मीनारायण अग्रवाल, सीएम अग्रवाल, सज्जन कुमार कानोडिया, विजय गोयल, गोपल गोयल, प्रीति अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, कल्पना अग्रवाल, निधि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर जैन
रोडवेज आगार अजमेर के मुख्य प्रबंधक महेंद्रसिंह राठौड़ (गोठियाना वाले)
अग्रवाल समाज अध्यक्ष कैलाशचंद अग्रवाल