राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव नवंबर में संभावित, राज्य निर्वाचन आयोग ने गाइडलाइन जारी
जयपुर (प्रतीक पाराशर )। राजस्थान में पंचायत और शहरी निकाय चुनाव नवंबर में होने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कलेक्टरों को गाइडलाइन जारी कर जिलों में वोटर लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के इस कदम को चुनावों की जल्द घोषणा का संकेत माना जा रहा है।
गाइडलाइन के अनुसार, पंचायत और निकाय दोनों स्तर पर अलग-अलग वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी। इसके लिए 1 जनवरी 2025 को आधार तिथि मानकर मतदाता सूचियों का अद्यतन किया जाएगा।
🗳️ वोटर लिस्ट अपडेट का कार्यक्रम
- ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशन: 20 सितंबर 2025
- दावे और आपत्तियां: 5 अक्टूबर 2025 तक
- विशेष अभियान: 29-30 सितंबर 2025
- निस्तारण की अंतिम तिथि: 12 अक्टूबर 2025
- पूरक सूची प्रकाशन: 24 अक्टूबर 2025
- फाइनल वोटर लिस्ट (पंचायत): 29 अक्टूबर 2025
- फाइनल वोटर लिस्ट (निकाय): 3 नवंबर 2025
पंचायत और निकाय चुनाव
- पंचायत चुनाव के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत वार्ड, पंचायत समिति और जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र की सूची तैयार होगी।
- शहरी निकायों की वोटर लिस्ट 24 सितंबर को ड्राफ्ट और 3 नवंबर को अंतिम प्रकाशन होगी।
- 163 शहरी निकायों में वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी, जिनमें नए निकाय भी शामिल हैं।
आयोग बनाम सरकार
चुनाव को लेकर सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग के बीच मतभेद उभर रहे हैं। सरकार दिसंबर तक चुनाव टालना चाहती है और ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का समर्थन कर रही है। वहीं राज्य निर्वाचन आयोग ने इसे मौजूदा हालात में अव्यावहारिक बताया है। आयोग का कहना है कि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, कार्यकाल पूरा होने से पहले निकायों और पंचायत राज संस्थाओं को भंग कर चुनाव नहीं कराए जा सकते।
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव
21 जिला परिषदों और 222 पंचायत समितियों के सदस्यों का कार्यकाल नवंबर-दिसंबर में पूरा होगा। इन चुनावों की घोषणा बाद में की जाएगी। जबकि 6 जिला परिषदों और 78 पंचायत समितियों का कार्यकाल 2026 में खत्म होगा।