सड़क की गुणवत्ता पर सख्ती: कमिश्नर मशीन लेकर पहुंचे मैदान में, डामर काटकर जांची मोटाई

सड़क की गुणवत्ता पर सख्ती: कमिश्नर मशीन लेकर पहुंचे मैदान में, डामर काटकर जांची मोटाई
Spread the love

उदयपुर। शहर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शनिवार को सख्त रुख अपनाया। आयुक्त ने दिनभर फील्ड में रहकर सड़कों, नालों और सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सवीना-तितरडी मार्ग पर हाल ही में बनी डामर सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर ही मशीन से कोर कटिंग करवाई गई। सड़क का नमूना निकालकर उसकी मोटाई और निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच की गई। आयुक्त ने सेक्टर-3 में सीवरेज चैंबर के ढक्कनों की स्थिति देखी और सेक्टर-9 स्थित कृष्णा कॉलोनी में बनी सड़क की लंबाई खुद नपवाई।

नदी किनारे तोड़ी गई जालियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

आयुक्त जब आयड नदी के किनारे पहुंचे तो पाया कि सुरक्षा के लिए लगाई गई जालियों को कुछ लोगों ने निजी रास्ता बनाने के लिए तोड़ दिया है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। निगम ने नदी के दोनों ओर करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा जालियां लगवाई हैं।

इस दौरान आयुक्त ने नदी में गंदा पानी गिरने से रोकने के लिए किए जा रहे टेपिंग कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की।

अवैध निर्माण हटाने के आदेश

न्यू भूपालपुरा क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य में आ रही बाधाओं को लेकर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण में सामने आया कि कई लोगों ने सड़क की भूमि पर पक्के रैंप और चबूतरे बना रखे हैं। आयुक्त ने ऐसे सभी अवैध निर्माणों को तुरंत हटाने के आदेश दिए और कहा कि सड़क तभी व्यवस्थित और सुंदर दिखाई देगी जब उसका स्वरूप एक समान होगा।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता शशि बाला सिंह, अखिल गोयल सहित कई कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे। बेकनी पुलिया से सेक्टर-14 तक निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने दोहराया कि विकास कार्य केवल कागजी नहीं, बल्कि तकनीकी मानकों के अनुरूप जमीनी स्तर पर मजबूत होने चाहिए।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *