केंद्रीय बजट 2047 तक आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस आधार: कानावत
अजमेर | मसुदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने केंद्रीय बजट को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाला बताते हुए इसे “सबका साथ–सबका विकास” की भावना को सशक्त करने वाला बताया। बजट पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज देश के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
विधायक कानावत ने कहा कि बजट में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे राजस्थान सहित देशभर में विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस बजट से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार होंगे, जिसका सीधा लाभ आमजन को मिलेगा।
उन्होंने क्षेत्रीय विकास की चर्चा करते हुए कहा कि मसुदा विधानसभा में पेयजल, सड़कों, शहरी विस्तार, ग्रामीण अधोसंरचना और मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। इससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को मजबूती मिलेगी।
कानावत ने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन और डिजिटल इंडिया जैसे विजन को आगे बढ़ाने में यह बजट अहम भूमिका निभाएगा।
प्रेस वार्ता में उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय बजट देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मील का पत्थर साबित होगा।