सरपंचों के लिए सफेद, वार्ड पंचों के लिए गुलाबी होंगे बैलेट पेपर
आवाज़ राजस्थान की ,जयपुर | प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बैलेट पेपर के रंग तय कर दिए हैं। आयोग के अनुसार सरपंच पद के लिए सफेद और वार्ड पंच पद के लिए गुलाबी रंग के बैलेट पेपर का उपयोग किया जाएगा। चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे और मतगणना ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव राजेश वर्मा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतगणना संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। मतगणना के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दो अलग-अलग दल बनाए जाएंगे। एक दल सरपंचों के मतों की गणना करेगा, जबकि दूसरा दल वार्ड पंचों की काउंटिंग करेगा।
इस बार प्रदेश में 3,441 नई ग्राम पंचायतों का गठन हुआ है, जिससे कुल ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 14,635 हो गई है। नए परिसीमन के बाद प्रदेश में 45 हजार से अधिक नए वार्ड बने हैं, जिससे वार्ड पंचों के पदों की संख्या बढ़कर एक लाख से अधिक हो गई है। पंचायत चुनावों में इस बार 45 हजार से ज्यादा नए वार्ड पंच चुने जाएंगे।
भीलवाड़ा जिले में अब कुल 511 ग्राम पंचायतें हो गई हैं। यहां 511 सरपंच, उतने ही उपसरपंच और 4,581 वार्ड पंचों का चुनाव होगा। जिले में 16 पंचायत समितियां गठित हैं, जहां 16 प्रधान, 16 उपप्रधान और 288 पंचायत समिति सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। वहीं जिला परिषद में वार्डों की संख्या 37 से बढ़कर 45 हो गई है, जिससे 45 जिला परिषद सदस्यों का चुनाव होगा। ये सदस्य बाद में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख का चयन करेंगे।
प्रदेश स्तर पर अब 450 पंचायत समितियां और 41 जिला परिषदें हो चुकी हैं। नई बनी पंचायत समितियों और जिला परिषदों में एक साथ चुनाव होंगे, जबकि 12 पुरानी जिला परिषदों का कार्यकाल बाद में पूरा होगा। मार्च में 29 जिला परिषदों में जिला परिषद सदस्यों और जिला प्रमुखों के चुनाव कराए जाने की संभावना है।