कनिष्ठ सहायक के पांच ठिकानों पर एक साथ सर्च, 75 लाख नकद और भारी मात्रा में आभूषण बरामद

कनिष्ठ सहायक के पांच ठिकानों पर एक साथ सर्च, 75 लाख नकद और भारी मात्रा में आभूषण बरामद
Spread the love

बीकानेर, 13 फरवरी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार तड़के बीकानेर और फलोदी में समन्वित कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत कानासर (हाल ग्राम पंचायत उदट), पंचायत समिति बाप, जिला फलोदी में पदस्थ कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार के पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

एसीबी मुख्यालय जयपुर को प्राप्त गोपनीय शिकायत के आधार पर शुरू हुई इस कार्रवाई में प्रारंभिक सत्यापन के बाद आरोपी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रकरण दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी वैध आय से करीब 938 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है।

75 लाख नकद, एक किलो से अधिक सोना बरामद

तलाशी के दौरान जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित मातेश्वरी एन्कलेव कॉलोनी (वैष्णोधाम के सामने) स्थित मकान से लगभग 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

इसके अलावा मातेश्वरी एन्कलेव और बागीनाडा छींपो का मोहल्ला, गंगाशहर स्थित परिसरों से एक किलो से अधिक सोना और करीब दो किलो चांदी बरामद होने की पुष्टि हुई है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार जब्ती की गई संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

संपत्ति का प्रारंभिक ब्योरा

प्रारंभिक जांच में आरोपी के बीकानेर शहर में तीन मकान, गांव पुनरासर में एक मकान और करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि होने की जानकारी सामने आई है।

उपमहानिरीक्षक एसीबी रेंज बीकानेर के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की टीमों ने सक्षम न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर समन्वित सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया।

जांच जारी

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस के निर्देशन में विभिन्न स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है। आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है और वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों तथा संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

एसीबी सूत्रों के अनुसार जांच के अगले चरण में संपत्ति के स्रोत, निवेश के पैटर्न और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *