महिला सशक्तीकरण और समग्र विकास का रोडमैप: बजट 2026–27 से प्रदेश को नई दिशा कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत
ब्यावर । राज्य बजट 2026–27 के संदर्भ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने बजट की प्रमुख घोषणाओं और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने राज्य बजट 2026-27 को महिला सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को नई दिशा देगा और शासन की विकासोन्मुख प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से रेखांकित करता है।
मंत्री गहलोत ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर महिला वित्त मंत्रियों द्वारा बजट प्रस्तुत किया जाना महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त उपस्थिति का प्रतीक है। उन्होंने बजट को “महिला सशक्तिकरण का दर्पण” बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने विकास के हर क्षेत्र में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अंचलों को प्राथमिकता दी है।
नवगठित जिलों में प्रशासनिक और आधारभूत ढांचे का विस्तार
मंत्री ने बताया कि प्रदेश के नवगठित आठ जिलों में मिनी सचिवालय सहित प्रमुख प्रशासनिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 94 नई पंचायत समितियों और 3,467 ग्राम पंचायतों में आधारभूत ढांचे के विकास पर 3,000 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
नवगठित जिलों में एससी/एसटी वृत्त कार्यालय, मानव तस्करी विरोधी (AHT) यूनिट तथा अभय कमांड सेंटर की स्थापना एवं आधारभूत विकास के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रशासनिक पहुंच को सुदृढ़ करने और सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
पर्यावरणीय पहल: नमो नर्सरी और ऑक्सीजोन
मंत्री गहलोत ने जानकारी दी कि राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर उन्नत ‘नमो नर्सरी’ स्थापित की जाएंगी, जबकि पंचायत समिति स्तर पर चरणबद्ध तरीके से ‘नमो वन’ विकसित किए जाएंगे।
ब्यावर सहित 16 जिलों में ‘ऑक्सीजोन’ के रूप में मॉडल उद्यान विकसित करने के लिए 32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण और शहरी हरित क्षेत्र विस्तार को बल मिलेगा।
ब्यावर जिले को विशेष सौगात
बजट में ब्यावर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं शामिल की गई हैं। इनमें राजकीय अमृतकौर जिला चिकित्सालय में आधारभूत संरचना एवं सीवरेज कार्य हेतु 15 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रमुख है।
इसके अतिरिक्त, बड़ाखेड़ा-ब्यावर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया जाएगा। जवाजा ब्लॉक सहित विभिन्न क्षेत्रों में तालाबों की मरम्मत एवं नहरों के जीर्णोद्धार के लिए 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
खेल एवं आधारभूत संरचना विकास के अंतर्गत सम्राट पृथ्वीराज चौहान खेल स्टेडियम के विकास कार्य, सेवारत एवं पूर्व सैनिकों तथा वीरांगनाओं के लिए ब्यावर में इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स की स्थापना, जैतारण–बलाड़ा–बलुपुरा सड़क निर्माण तथा बिजयनगर से ब्यावर तक इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम आधारित सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं।
विकसित भारत की संकल्पना को बल
मंत्री गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और यह बजट ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में दूरदर्शी कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बजट के माध्यम से सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और आधारभूत संरचना विस्तार को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा अजमेर देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने बजट को सर्वांगीण और जनकल्याणकारी बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने जिले के विकास एवं मीडिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रश्न पूछे, जिनका मंत्री ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट उपस्थित रहे।