जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों के साथ ली समीक्षा बैठकपंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की ब्लॉकवार की समीक्षा
जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों के साथ ली समीक्षा बैठक
पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की ब्लॉकवार की समीक्षा
अजमेर, 2 मई। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में शनिवार को जिले के समस्त विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी सभी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की ब्लॉकवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने बैठक में कहा कि ग्राम विकास रथ अभियान के आयोजन के समय ब्लॉक स्तरीय अधिकारी रथ के साथ उपस्थित रहे। उनके द्वारा प्री-गतिविधियों में विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाए। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाएं। संध्या चौपाल में सभी अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करें। अभियान में जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा योजना के अन्तर्गत श्रमिकों की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। जिले में और अधिक श्रमिक नियोजित होने चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को मांगते ही रोजगार मिले।आवश्यक होने पर नए कार्यों के प्रस्ताव बनाकर भेजे जाएं। जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में कार्य जारी रहने चाहिए। अर्जित मानव दिवस की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जाए। यह कार्य आगामी 7 दिवस में पूर्ण कराएं। योजना के अन्तर्गत प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं।
उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के अन्तर्गत पंचायत समिति स्तर पर मेप-1 की पेंडिन्सी खत्म करने का प्रयास करें। इन प्रोपर्टी पार्सल का वितरण सुनिश्चित करें। अवितरित रहने के कारणों का विश्लेषण कर सक्षम स्तर को अवगत कराएं। जिले में विभिन्न स्थानों पर बारिश के दौरान जल भराव वाले संस्थानों को सुचिबद्ध कर आवश्यक सुधार अभी लाएं। वर्षा जल का प्राकृतिक बहाव अवरूद्ध नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अमृत पोषण वाटिका, अमृत ग्रामीण हाट बाजार, ग्रामीण पुस्तकालय, कांजी हाउस जैसी बजट घोषणाओं को पूर्ण करने के लिए आवश्यकतानुसार भूमि चिह्नित करके रखें। भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी आरम्भ करें। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आवासों का भौतिक निर्माण पूर्ण कराएं। लाभार्थियों को अन्य योजनाओं से कंवर्जन करवाकर लाभांवित करें। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में निर्माण आरम्भ नहीं करने वालों से वसूली करने की कार्यवाही आरम्भ करें।
उन्होंने कहा कि घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु श्रेणी के परिवारों को आवास के लिए पट्टे दिलाएं। पट्टे प्राप्त कर चुके व्यक्तियों को मुख्यमंत्री घुमन्तु आवास योजना से लाभान्वित कराने के लिए आवेदन कराएं। विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष के लिए अनुशंषा प्राप्त होने के बाद प्रशासनिक एवं तकनीकि स्वीकृतियां तत्काल जारी करने का प्रयास किया जाए। इसी प्रकार संसद कोष के कार्य भी आरम्भ करवाकर पूर्ण करवाएं। इनके पूर्णता प्रमाण पत्र एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर भिजवाएं।
बैठक में महात्मा गांधी जनभागीदारी विकास योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव, मगरा क्षेत्रीय विकास योजना, जल संचय जनभागीदारी, राजीविका सहित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। गर्मी के दौरान पर्याप्त पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के समस्त हेण्डपम्प मरम्मत होकर कार्यशील रहें। खरमोर पक्षी के संरक्षण के लिए बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के व्यक्तियों का अपेक्षित सहयोग करें।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश सहित जिले के समस्त विकास अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।