पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, जयपुर में पेट्रोल 109 रुपये के करीब पहुंचा
राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार दाम बढ़ाए हैं। मंगलवार सुबह जारी नए रेट के अनुसार जयपुर में पेट्रोल 94 पैसे महंगा होकर 108.94 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया, जबकि डीजल 91 पैसे बढ़कर 94.17 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल के दाम में 3.25 रुपये और डीजल में 3.02 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। करीब चार साल बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इससे पहले अप्रैल 2022 में तेल की कीमतों में बदलाव हुआ था, जबकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले 2 रुपये की कटौती की गई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब घरेलू बाजार पर भी दिखने लगा है। लगातार बढ़ रही कीमतों से आम लोगों के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद राजस्थान में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3099 रुपये तक पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों ने परिवहन और व्यापारिक खर्च बढ़ाने के साथ आम उपभोक्ताओं की चिंता भी बढ़ा दी है।