ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर शुक्रवार से मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 11 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए शुक्रवार 12 जून से प्रदेशभर में अभियान की शुरुआत होने जा रही है।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत शुक्रवार 12 जून से 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 12 जून को उपखण्ड क्षेत्र अजमेर ग्रामीण की अरडका, पुष्कर की गनाहेड़ा, पीसांगन की गोविन्दगढ, किशनगढ़ की बान्दरसिन्दरी, रूपनगढ़ की नवा, भिनाय की बड़ली, अंराई की देवपुरी, सरवाड़ की लल्लाई, केकड़ी की कादेड़ा, सावर के भाण्डावास, नसीराबाद की भवानीखेड़ा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।