ग्राम पंचायत सांदोलिया में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, राजस्व व कृषि विभाग के कार्यों का त्वरित निस्तारण
संजय पाराशर-अरांई | जन योजना अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सांदोलिया में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी नीतू मीणा, तहसीलदार प्रेमसुख वैष्णव, विकास अधिकारी शिवदान सिंह, सहायक विकास अधिकारी दौलत सिंह तथा ग्राम पंचायत प्रशासक प्रेम देवी,ग्राम विकास अधिकारी मुकेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा नाम शुद्धिकरण, सीमाज्ञान, नामांतरण, आपसी सहमति से बंटवारा तथा स्वामित्व कार्ड एवं पट्टा संबंधी कार्यों का मौके पर निस्तारण किया गया। उपखण्ड अधिकारी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक ग्रामीणों और किसानों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग ने मंगलराम चौधरी एवं शारदा देवी के राजस्व अभिलेखों में दर्ज नाम संबंधी त्रुटियों का शिविर में त्वरित समाधान किया गया। तहसीलदार के निर्देश पर प्रकरण तैयार कर मौके पर ही आदेश जारी किए गए जिससे दोनों लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। वहीं कृषि विभाग द्वारा तारबंदी योजना के तहत किसान सरदार बंबेरवाल के आवेदन पर सत्यापन कर प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर लाभान्वित किया गया। शिविर में अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं पर सुनवाई कर प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण किया तथा विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया।