सील पंचायत में ₹17.50 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, ग्रामीण विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ. विकास चौधरी
किशनगढ़। किशनगढ़ विधायक एवं अजमेर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी ने बुधवार को अपने जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर ग्राम पंचायत सील में विधायक कोष से ₹17.50 लाख की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा जन्मदिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विकास चौधरी ने मुख्य बस स्टैंड सील पर विधायक कोष से ₹13.50 लाख की लागत से निर्मित खुले तिबारे तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सील में ₹4 लाख की लागत से बने आधुनिक टीनशेड का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों, यात्रियों तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास और ग्रामीणों को मजबूत आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सार्वजनिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उनका मानना है कि जब तक गांव विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ेंगे, तब तक वास्तविक प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के स्नेह और विश्वास को अपनी जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।
इस अवसर पर विधायक के जन्मदिवस (2 जुलाई) पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी जारी की गई। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 8 बजे तेजा धाम, सुरसुरा में सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज के दर्शन एवं महाआरती से होगी। इसके बाद मदनेश गौशाला, किशनगढ़ में गौसेवा तथा विधायक कोष से निर्मित रंगीन ब्लॉक सड़क का उद्घाटन किया जाएगा। सुबह 10 बजे सावंतसर स्थित रेगर मोहल्ले में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण होगा।
मुख्य कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आर.के. कम्युनिटी सेंटर, किशनगढ़ में आयोजित होगा, जहां दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की जाएगी, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान होगा तथा कार्यकर्ताओं एवं आमजन के साथ स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शाम को डॉ. चौधरी तीर्थराज पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद अजमेर सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात, दरगाह शरीफ में जियारत तथा गगवाना में कार्यकर्ता सम्मान समारोह में भाग लेंगे। जन्मदिवस कार्यक्रम का समापन रात्रि 9 बजे किशनगढ़ के मुख्य चौराहे पर नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित स्वागत समारोह के साथ होगा।
कार्यक्रम में अराई प्रधान सीता शेतान पुनिया, जिला परिषद सदस्य जगदीश गौरा, सरपंच प्रेम देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि परमा देवी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहित खंडेलवाल, कृषि मंडी अध्यक्ष सुमेर गागुंदा, अराई ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण बटेसर, जिला महासचिव किशन घासल, पूर्व सरपंच भंवर गोपाल गौड़, मंडल अध्यक्ष रतन घस्वां सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।