जयपुर में ASMNI की राष्ट्रीय बैठक सम्पन्न, पत्रकार हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
जयपुर में ASMNI की राष्ट्रीय बैठक सम्पन्न, पत्रकार हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
जयपुर। एसोसिएशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया (ASMNI) की राजस्थान शाखा की महत्वपूर्ण बैठक जयपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष के. डी. चंदोला के निर्देशन एवं राजस्थान उपाध्यक्ष बाबूलाल सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के. डी. चंदोला, राष्ट्रीय सचिव (महाराष्ट्र) प्रवीण पाटिल, उत्तर प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष श्याम सिंह पंवार, आंध्र प्रदेश अध्यक्ष एस. कांडलराव, राष्ट्रीय समिति सदस्य अकरम खान, राजस्थान उपाध्यक्ष बाबूलाल सोनी, रंजन दवे, चेतन परिहार, विजयकुमार पाराशर (अजमेर) तथा भानु राज टाक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में पत्रकार सम्मान निधि प्राप्त करने की न्यूनतम आयु 60 वर्ष से घटाकर 58 वर्ष किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को समय पर सम्मान एवं आर्थिक संबल मिलना चाहिए, जिससे वे अपने जीवन के उत्तरार्ध में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
इसके साथ ही दिल्ली में देशभर के पत्रकारों के लिए रियायती दर पर आवास सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि जिस प्रकार आंध्र प्रदेश भवन में राज्य के पत्रकारों को मात्र 100 रुपये के नाममात्र शुल्क पर ठहरने की सुविधा उपलब्ध है, उसी प्रकार अन्य राज्यों के पत्रकारों के लिए भी समान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पत्रकारों के लिए संचालित तीर्थयात्रा योजनाओं में एक निश्चित कोटा आरक्षित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी हैं, इसलिए उनके कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए विशेष योजनाएं लागू की जानी चाहिए।
अंत में सभी प्रतिनिधियों ने पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त रूप से संघर्ष करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों के समक्ष इन मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।