नाबालिग बच्ची की खरीद-फरोख्त मामले में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपियों के अवैध निर्माण ध्वस्त

Spread the love

नाबालिग बच्ची की खरीद-फरोख्त मामले में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपियों के अवैध निर्माण ध्वस्त

अजमेर। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अजमेर पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को संयुक्त कार्रवाई कर नाबालिग बच्ची की खरीद-फरोख्त के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई दरगाह थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध कब्जों और निर्माणों को ध्वस्त कराया।

पुलिस के अनुसार, दरगाह थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 104/2026 में नाबालिग बच्ची को 32 हजार रुपये में बेचने के मामले की जांच के दौरान आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों का विवरण जुटाया गया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत कार्रवाई करते हुए नगर निगम के सहयोग से इन निर्माणों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान मुख्य महिला आरोपी अफसाना उर्फ बिजली और आफरीन उर्फ नूरजहां के अवैध निर्माणों को चिन्हित कर जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में चार थानों का पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, दरगाह वृत्ताधिकारी लक्ष्मणराम, थानाधिकारी दिनेश जीवनानी, गंज थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य महिला एवं बाल अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देना है कि ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अवैध संपत्तियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *