तबादला आदेशों की अवहेलना पर सख्ती: एक विकास अधिकारी सहित छह कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस
तबादला आदेशों की अवहेलना पर सख्ती: एक विकास अधिकारी सहित छह कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस
अजमेर। राज्य सरकार के तबादला आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिला परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में जारी स्थानांतरण सूची के बावजूद नवीन पदस्थापन पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने तथा संबंधित कार्मिकों को समय पर कार्यमुक्त नहीं करने के मामले में एक पंचायत समिति के विकास अधिकारी, चार ग्राम विकास अधिकारियों तथा एक कनिष्ठ सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद चार ग्राम विकास अधिकारी और एक कनिष्ठ सहायक अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर सके। वहीं संबंधित पंचायत समिति के विकास अधिकारी ने भी बिना किसी वैध कारण के इन कार्मिकों को कार्यमुक्त नहीं किया। इसे शासन के स्पष्ट निर्देशों और राजकीय आदेशों की अवहेलना माना गया।
जिला परिषद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विकास अधिकारी, चार ग्राम विकास अधिकारियों एवं एक कनिष्ठ सहायक को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राजस्थान सेवा नियमों के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि स्थानांतरण आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है तथा सरकारी आदेशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।