अजमेर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक29 जुलाई से 19 अगस्त तक आयोजित होंगे अल्पकालीन अवधिपार ऋण वसूली शिविरअजमेर एवं ब्यावर जिले की ग्राम सेवा सहकारी समितियों में लगातार 22 दिनों तक लगेंगे शिविर

Spread the love

अजमेर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक
29 जुलाई से 19 अगस्त तक आयोजित होंगे अल्पकालीन अवधिपार ऋण वसूली शिविर
अजमेर एवं ब्यावर जिले की ग्राम सेवा सहकारी समितियों में लगातार 22 दिनों तक लगेंगे शिविर
अवधिपार ऋण चुकाने पर किसानों को मिलेगा खरीफ 2026 के लिए नया फसली ऋण

अजमेर, 28 जुलाई । राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड जयपुर के निर्देशानुसार अजमेर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि. अजमेर द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के दो जिलों अजमेर एवं ब्यावर के किसानों के हित में एक विशेष पहल की जा रही है। बैंक से संबद्ध ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कृषकों ने पूर्व में अल्पकालीन फसली ऋण प्राप्त किया था, परंतु किसी कारणवश समय पर चुकता नहीं कर सके थे। उनके लिए 29 जुलाई से 19 अगस्त तक अवधिपार ऋण वसूली शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

बैंक प्रबंध निदेशक के अनुसार यह विशेष वसूली शिविर लगातार 22 दिनों तक बैंक की प्रत्येक ग्राम सेवा सहकारी समिति के मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। शिविरों के दौरान अवधिपार किसानों को उनकी बकाया मूल एवं ब्याज राशि का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जाएगा। समस्त अवधिपार राशि समिति में जमा कराने पर किसानों को पुनः ऋण की आवश्यकता होने पर नई साख सीमा स्वीकृत की जाएगी। इसके उपरांत खरीफ 2026 योजना के अंतर्गत नया अल्पकालीन फसली ऋण वितरित कर किसानों को पुनः सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

बैंक प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे शिविर के दौरान अपनी समिति में जाकर बकाया अवधिपार ऋण का हिसाब समझें। बकाया राशि जमा करवाकर नया ऋण प्राप्त करें। नया ऋण लेने पर किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना एवं जीवन बीमा योजना का भी लाभ उठा सकेंगे। बैंक ने किसानों से यह भी अनुरोध किया है कि वे ऋण राशि जमा कराने के बाद समिति से उसकी प्राधिकृत रसीद अवश्य प्राप्त करें।

वर्तमान आंकड़ों के अनुसार बैंक के कुल 9,834 किसान अवधिपार की श्रेणी में हैं। इन पर कुल 37.22 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। विभिन्न शाखाओं के अंतर्गत आने वाले अवधिपार किसानों एवं उनकी बकाया राशि की स्थिति इस प्रकार है। बिजयनगर शाखा में 2,181 किसानों पर 7.68 करोड़ (21.70 प्रतिशत), ब्यावर शाखा में 1,601 किसानों पर 5.06 करोड़ (27.15 प्रतिशत), अरंाई शाखा में 1,051 किसानों पर 3.95 करोड़ (9.57 प्रतिशत), मसूदा शाखा में 810 किसानों पर 3.82 करोड़ (10.79 प्रतिशत), तथा केकड़ी शाखा में 862 किसानों पर 3.39 करोड़ (6.18 प्रतिशत) की राशि बकाया हैं।

इसी प्रकार पीसांगन शाखा में 738 किसानों पर 2.77 करोड़ (15.13 प्रतिशत), जयपुर रोड अजमेर शाखा में 649 किसानों पर 2.24 करोड़ (21.55 प्रतिशत), नसीराबाद शाखा में 465 किसानों पर 2.17 करोड़ (6.55 प्रतिशत), सरवाड़ शाखा में 471 किसानों पर 2.13 करोड़ (4.77 प्रतिशत), भिनाय शाखा में 446 किसानों पर 1.75 करोड़ (5.98 प्रतिशत), किशनगढ़ शाखा में 351 किसानों पर 1.35 करोड़ (2.66 प्रतिशत), तथा पुष्कर शाखा के अंतर्गत 209 किसानों पर 90.66 लाख (7.69 प्रतिशत) की अवधिपार राशि बकाया है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *