पंच-सरपंच चुनाव: जूते से लेकर आइसक्रीम तक, 40 चुनाव चिह्नों पर होगा मुकाबला
जयपुर। राजस्थान में होने वाले आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने पंच और सरपंच पद के प्रत्याशियों हेतु 40 चुनाव चिह्न निर्धारित कर दिए हैं। इन चुनाव चिह्नों का उद्देश्य मतदाताओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में, उम्मीदवारों की आसानी से पहचान सुनिश्चित करना है।
इस बार निर्धारित चुनाव चिह्नों में जूता, चप्पल, अलमारी, चारपाई, गैस सिलेंडर, हारमोनियम, सिलाई मशीन, स्कूल का बस्ता, फ्राइंग पैन, कांच का गिलास, फूलगोभी, अदरक, आरी, हाथगाड़ी, आइसक्रीम सहित रोजमर्रा के उपयोग में आने वाली कई वस्तुओं को शामिल किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव चिह्नों का विशेष महत्व माना जाता है, क्योंकि कई स्थानों पर मतदाता उम्मीदवारों को उनके नाम की बजाय चुनाव चिह्न से अधिक पहचानते हैं। ऐसे में गांवों की चौपालों और चुनावी चर्चाओं में इस बार भी विभिन्न चुनाव चिह्न चर्चा का विषय बन सकते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव चिह्न केवल पहचान का माध्यम होते हैं, लेकिन ग्रामीण चुनावों में वे प्रत्याशी की चुनावी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी अपने चुनाव चिह्न को लेकर विशेष प्रचार करते हैं, जिससे मतदाताओं तक उनकी पहचान आसानी से पहुंच सके।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रमुख चुनाव चिह्न
- अलमारी
- चप्पल
- सेव
- कोट
- गुब्बारा
- चारपाई
- चूड़ियां
- दरवाजे का हैंडल
- मोतियों का हार
- कूड़ादान
- बेंच
- कान की बालियां
- आदमी व पालयुक्त नौका
- बिजली का खंभा
- बक्सा
- बांसुरी
- ईंटें
- फ्रॉक
- बाल्टी
- फ्राइंग पैन
- कैन
- कीप
- शिमला मिर्च
- गैस सिलेंडर
- फूलगोभी
- गैस चूल्हा
- जंजीर
- अदरक
- चक्की
- कांच का गिलास
- अंगूर
- आरी
- हरी मिर्च
- स्कूल का बस्ता
- हाथगाड़ी
- कैंची
- हारमोनियम
- सिलाई मशीन
- आइसक्रीम
- जूता
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित इन चुनाव चिह्नों का उपयोग आगामी पंच और सरपंच चुनावों में निर्दलीय एवं पात्र प्रत्याशियों को आवंटित किया जाएगा, जिससे मतदान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा सके।