नसीराबाद में सुरों संग गूंजे ठहाके, संगीतमय शाम बनी यादगार
नसीराबाद (अनिल लोहरे)। जवाहर नवोदय विद्यालय, नसीराबाद में आयोजित “म्यूजिक इज मेडिटेशन एंड थेरेपी” थीम पर भव्य संगीतमय कार्यक्रम में संगीत और हास्य का अनोखा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम ने शहरवासियों को एक यादगार शाम दी, जहां देर तक सुरों और ठहाकों की गूंज बनी रही।
कार्यक्रम में मुंबई के गायक विश्वनाथ मुखर्जी एवं कोलकाता की गायिका दीपन्विता मजूमदार ने अपने मधुर स्वर में सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं हास्य कलाकार “जूनियर अमिताभ बच्चन” ने अपने अनोखे अंदाज और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल हंसी के ठहाकों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में एसडीएम कल्पित शिवरन, पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव, जे एम नासिराबाद कोर्ट महावीर सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय यादव एसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सतीश पारचे एवं पूर्व पार्षद महेंद्र डाबी के टी आलवानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा एवं संगीत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। आयोजन से जुड़े डॉ. विनायक गौड़ एवं डॉ. लाल थदानी ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा देने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में गोविंदर पाल सिंह राठौड़ और डॉक्टर विनायक गौड ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया।“हंसते रहो, गाते रहो और स्वस्थ रहो” — इसी संदेश के साथ यह संगीतमय शाम शहरवासियों के लिए यादगार बन गई।