केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, बिजयनगर में हमसफर एक्सप्रेस और बांदनवाड़ा में जयपुर-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
अजमेर संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत हूं : भागीरथ चौधरी
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, बिजयनगर में हमसफर एक्सप्रेस और बांदनवाड़ा में जयपुर-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
अजमेर, 4 अगस्त 2026
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने अपने संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और आमजन की यात्रा को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर दो महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों के अतिरिक्त ठहराव की मांग की है। इससे पहले उन्होंने इस संबंध में रेल मंत्री से मुलाकात कर भी क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं से अवगत कराया।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने पत्र में उल्लेख किया कि उनके आग्रह पर पूर्व में जयपुर–असारवा एक्सप्रेस (12981/12982) का बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत किया गया, जिसके लिए उन्होंने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से बिजयनगर एवं आसपास के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है और यह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने का उदाहरण है।
उन्होंने अब रेल मंत्री से जनहित में दो नई मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। पहली मांग के तहत ट्रेन संख्या 20497/20498 हमसफर एक्सप्रेस का ठहराव बिजयनगर (जिला ब्यावर) रेलवे स्टेशन पर तथा दूसरी मांग के तहत ट्रेन संख्या 12991/12992 जयपुर–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव बांदनवाड़ा (अजमेर) रेलवे स्टेशन पर स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया है।
संसदीय क्षेत्र के लोगों का दक्षिण भारत में कनेक्शन : पत्र में भागीरथ चौधरी ने बताया कि अजमेर लोकसभा क्षेत्र के मसूदा विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग चेन्नई, मायावरम, श्रीकाली सहित दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों में निवास एवं रोजगार करते हैं। उनके लिए अजमेर और भीलवाड़ा तक पहुंचने का प्रमुख रेल साधन हमसफर एक्सप्रेस है, जिसका वर्तमान में केवल अजमेर और भीलवाड़ा में ही ठहराव है। नसीराबाद, बिजयनगर, बांदनवाड़ा, मसूदा और गुलाबपुरा क्षेत्र के प्रवासियों को देर रात अजमेर या भीलवाड़ा उतरकर पुनः अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बिजयनगर में इस ट्रेन का ठहराव क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
यात्रियों को मिलेगा नए स्टॉपेज का लाभ : इसी प्रकार उन्होंने जयपुर–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव बांदनवाड़ा रेलवे स्टेशन पर किए जाने की आवश्यकता भी बताई, जिससे स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आमजन को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा मिल सके। भागीरथ चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से अजमेर संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं का निरंतर विस्तार होगा और यात्रियों को बेहतर एवं सुगम परिवहन सेवाओं का लाभ मिलता रहेगा।
संसदीय क्षेत्र के लिए जारी रहेगा सिलसिला : भागीरथ चौधरी ने कहा कि मैं अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हूं। क्षेत्र की आवश्यकताओं को लेकर नियमित रूप से रेल मंत्री से मुलाकात करता हूं और पत्रों के माध्यम से मांगें रखता हूं। पूर्व में हमारी मांग पर बिजयनगर में जयपुर–असारवा एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत हुआ है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि क्षेत्रहित को ध्यान में रखते हुए इस बार भी रेल मंत्री हमारी इन दोनों महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर लाखों यात्रियों को राहत प्रदान करेंगे।