अजमेर दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बोले- डबल इंजन को ट्रिपल इंजन बनाकर विकास को देंगे गति

अजमेर दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बोले- डबल इंजन को ट्रिपल इंजन बनाकर विकास को देंगे गति
Spread the love

अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को अजमेर दौरे पर पहुंचे। किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अजमेर पहुंचे, जहां उन्होंने रोड शो में हिस्सा लिया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन और मौजूद जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राजस्थान की डबल इंजन सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन सरकार को ट्रिपल इंजन बनाकर विकास की गति को और आगे बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली और रोडवेज जैसे क्षेत्रों में बेहतर स्थिति बनी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है और पेपर माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है।

उन्होंने युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश सरकार अब तक करीब 1 लाख 90 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं, विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रही है।

रोड शो के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से बैठक

मुख्यमंत्री के अजमेर दौरे को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत सहित भाजपा के कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *