राजस्थान कांग्रेस में संगठनात्मक हलचल, वर्षों बाद प्रकोष्ठों का पुनर्गठन और 4 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त
जयपुर (प्रतीक पाराशर )। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने लंबे अंतराल के बाद संगठन में नई ऊर्जा भरने की दिशा में अहम कदम उठाया है। करीब 5 वर्षों बाद कांग्रेस ने एक साथ 7 प्रकोष्ठों का पुनर्गठन किया है, जिसमें नए प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। यह निर्णय कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर फिर से सक्रिय करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा घोषित इस पुनर्गठन में भरत मेघवाल को कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ का, मुकुल गोयल को उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ का, जीवन खान कायमखानी को स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ का, सुशील पारीक को पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ का, योगिता शर्मा को अभाव-अभियान प्रकोष्ठ का और अमीन पठान को खेलकूद प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 के जुलाई माह में प्रदेश में सियासी संकट के दौरान इन प्रकोष्ठों को भंग कर दिया गया था। अब नए सिरे से इनका गठन किया गया है, जिससे पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
साथ ही, चार नए ब्लॉक अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। दिनेश व्यास को सांगानेर ब्लॉक, राम सिंह चौधरी को मानसरोवर ब्लॉक, लक्ष्मण गुर्जर को मीठड़ी ब्लॉक और राजेंद्र सिंह को राजाखेड़ा ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया गया है। सांगानेर विधानसभा के दोनों पुराने ब्लॉक अध्यक्षों को हटाकर यह बदलाव किया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह पुनर्गठन कांग्रेस के आगामी सांगठनिक चुनावों और संभावित जनआंदोलनों की तैयारी का हिस्सा हो सकता है। पार्टी इस पहल से कार्यकर्ताओं को सक्रिय मंच देने और संगठन को मजबूत आधार देने का प्रयास कर रही है।