डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा आज भीलवाड़ा दौरे पर: वृक्षारोपण और योजनाओं की करेंगे समीक्षा, जिला स्तरीय बैठक होगी आयोजित
जयपुर/भीलवाड़ा | प्रतीक पराशर
राजस्थान सरकार की महत्त्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान – एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत हरियाळो राजस्थान 2.0 के तहत आज रविवार को भीलवाड़ा जिले में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में राज्य के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सुबह 11 बजे होगा वृक्षारोपण कार्यक्रम
भीलवाड़ा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान की शुरुआत सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत दौलपुरा, पंचायत समिति माण्डलगढ़ में प्रभारी मंत्री प्रेमचंद बैरवा के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम से की जाएगी। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की हरित पहल को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।
1 बजे आयोजित होगी फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद दोपहर 1 बजे पंचायत समिति माण्डलगढ़ के सभागार में फ्लैगशिप योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
प्रेस वार्ता से रखेंगे संवाद
दोपहर 2 बजे डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा पंचायत समिति सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे, जहां वे मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर सरकार की प्राथमिकताओं और योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे। यह दौरा राज्य सरकार की योजनाओं की ग्रासरूट स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग और जनसंपर्क स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।