पोस्टर पर गंदगी, माहौल गरमाया, सीसी कैमरे खंगाले।

पोस्टर पर गंदगी फेंकने से कुछ देर माहौल गरमाया।
शाहपुरा में सौहार्द बनाए रखने की मिसाल पेश की।
घटना को लेकर पुलिस सतर्क।
कुछ को किया डिटेन, सीसी फुटेज खंगाले।
शाहपुरा, 31 अगस्त 2025। नगर के त्रिमूर्ति चौराहे पर ईद के शुभकामना पोस्टर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोबर लगाने की घटना से कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना, लेकिन स्थानीय समुदायों और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा। इस घटना ने एक बार फिर शाहपुरा के लोगों की आपसी सद्भावना और सामाजिक एकता को उजागर किया।पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। थानाधिकारी सुरेश चंद्र ने आश्वासन दिया कि दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, कि किसी ने नगर के सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन हम इसे कामयाब नहीं होने देंगे।मुस्लिम समुदाय ने घटना पर नाराजगी जताते हुए शांतिपूर्ण तरीके से थाने में शिकायत दर्ज की। स्थानीय लोगों ने इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार दिया, सदर हामिद खां इकबाल मोहम्मद भाटी आदि युवाओं ने स्वयं ने सीढ़ी लगाकर पोस्टर पर लगी गंदगी पानी से साफ की। दोनों समुदायों ने संयम और समझदारी का परिचय देते हुए माहौल को सामान्य रखा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी एक धार्मिक पंडाल में मृत पशुओं के अवशेष श्वान द्वारा लाये जाने की घटना हुई थी, लेकिन तब भी शाहपुरा के निवासियों ने शांति समिति और पुलिस प्रशासन के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया था। इस बार भी दोनों समुदायों ने एकजुटता दिखाते हुए सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल कायम की।