समोसे में मृत जीव निकलने पर उपभोक्ता आयोग द्वारा गोपीनाथ कचोरी भंडार को किया तलब
समोसे में मृत जीव निकलने पर उपभोक्ता आयोग द्वारा गोपीनाथ कचोरी भंडार को किया तलब
अजमेर, 10 अक्टूबर। समोसे में मृत जीव निकलने के एक मामले में जिला उपभोक्ता आयोग अजमेर के अध्यक्ष अरुण कुमावत, सदस्य श्रीमती जयश्री शर्मा और दिनेश चतुर्वेदी ने पुलिस लाइन स्थित गोपीनाथ कचोरी भंडार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे 9 दिसंबर 2025 को आयोग के समक्ष तलब किया है।
मामले के अनुसार आदर्श नगर स्थित बालूपुरा रोड निवासी हरि सिंह चौधरी ने एडवोकेट अमित गांधी के जरिए उपभोक्ता आयोग में परिवाद पेश कर बताया कि उसने अपने मित्र अभिषेक परिहार के जन्मदिन 18 जुलाई 2025 को बर्थडे पार्टी आयोजित की थी। पार्टी के लिए वह अपने मित्र पवन कुमार के साथ नाश्ता , मिठाई एवं केक लेने पुलिस लाईन गया था। उन्होंने वहां गोपीनाथ कचोरी भंडार से 575 रुपए के नास्ता, कचोरी-समोसे खरीदे। वापस लौटने पर केक काटने के बाद उपस्थित सभी दोस्तों को नाश्ता दिया गया।
प्रार्थी हरि सिंह चौधरी ने नाश्ता करते समय समोसे का पहला बाइट मुंह में रखा तो समोसे में काले रंग की वस्तु दिखाई दी। जब उसे समोसे से बाहर निकाला तो वह कोई मृत जीव था। प्रार्थी को यह देखते ही उल्टी हो गई। समोसे में मृत जानवर निकलने की खबर से आयोजित पार्टी का माहौल खराब हो गया।
प्रार्थी ने इस घटना की शिकायत गोपीनाथ कचोरी भंडार पर जाकर की। इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को भी शिकायत कर जांच की मांग की। इस पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग ने समोसे में निकली अज्ञात वस्तु की जांच की। जांच उपरांत रिपोर्ट में आया कि समोसे में निकली काली वस्तु सड़ा हुआ मृत जीव ही था।
प्रार्थी ने गोपीनाथ कचोरी भंडार को वकील के जरिए नोटिस भिजवाकर दूषित खाद्य पदार्थ बेचने से पहुंची मानसिक एवं शारीरिक पीड़ा के 10 लाख रुपए अदा करने की मांग की। इस पर गोपीनाथ कचोरी भंडार द्वारा नोटिस का जवाब तक नहीं दिया। प्रार्थी ने उपभोक्ता आयोग में शिकायत की। आयोग ने मामले को प्रथम दृष्टिया लापरवाही का मानते हुए गोपीनाथ कचोरी भंडार को आयोग के समक्ष तलब किया हैं।