केसरपुरा में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आयोजित, समस्याओं का मौके पर निस्तारण
अजमेर। पीसांगन उपखंड क्षेत्र के केसरपुरा स्थित भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त मुख्यालय में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में तहसीलदार भागीरथ चौधरी और विकास अधिकारी सोहन लाल डारा भी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। ग्राम पंचायत की ओर से विजय सिंह पुत्र नारायण सिंह को पट्टा प्रदान कर उनके आवास का वैध मालिकाना अधिकार सौंपा गया। इसके साथ ही राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आई मोबाइल वैन का जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया।
शिविर में पट्टा वितरण, स्वामित्व कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री, कुरेजात रिपोर्ट, बंटवारा प्रस्ताव, मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन सत्यापन तथा पालनहार योजना से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। ई-केवाईसी और विद्युत विभाग से जुड़े मामलों का भी मौके पर ही समाधान किया गया।
इसके अतिरिक्त शिविर में रोगियों की चिकित्सा जांच की गई तथा पशुपालकों को पशुओं के लिए कृमिनाशक दवाओं का वितरण किया गया। जन आरोग्य योजना, उज्ज्वला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर सेवाओं का लाभ उठाया।