राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी से, 11 फरवरी को पेश होगा राज्य का बजट

राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी से, 11 फरवरी को पेश होगा राज्य का बजट
Spread the love

Rajasthan Budget Session 2026 । राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा। राज्यपाल की मंजूरी के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र बुलाने की अधिसूचना जारी कर दी है और सभी विधायकों को इसकी सूचना भेज दी गई है। सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार अपनी प्रमुख उपलब्धियों और आगामी नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख करेगी। यह सत्र मार्च तक चलने की संभावना है।

पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके पश्चात कार्यवाही स्थगित रहेगी। इसके बाद कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक आयोजित होगी, जिसमें बजट सत्र के दौरान सदन के कामकाज का विस्तृत कार्यक्रम तय किया जाएगा। राज्यपाल के अभिभाषण पर तीन से चार दिन तक चर्चा होगी, इसके बाद सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा। इसके पश्चात एक सप्ताह का अवकाश संभव माना जा रहा है।

केंद्र सरकार का आम बजट 1 फरवरी को पेश होने के कारण राजस्थान सरकार का बजट फरवरी के दूसरे सप्ताह, संभावित रूप से 11 फरवरी को विधानसभा में प्रस्तुत किया जा सकता है। बजट में कई नई योजनाओं और कार्यक्रमों की घोषणा की जा सकती है। सरकार का फोकस आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विकसित राजस्थान की दिशा में कदम बढ़ाने पर रहेगा।

महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी रहेगा फोकस
बजट सत्र के दौरान सरकार कई अहम विधायी प्रस्तावों को सदन में ला सकती है। पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों में दो बच्चों की बाध्यता हटाने को लेकर दो अलग-अलग संशोधन विधेयक लाने की तैयारी है, जिनके ड्राफ्ट तैयार बताए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रॉपर्टी से जुड़े नए कानून समेत करीब आधा दर्जन अन्य विधेयक भी पेश हो सकते हैं।

हंगामेदार रहने के आसार
बजट सत्र के हंगामेदार रहने की भी संभावना जताई जा रही है। विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल, वित्तीय प्रबंधन और नीतिगत फैसलों को लेकर सदन में तीखे सवाल उठाएगा। विपक्ष का कहना है कि यह सत्र सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड तय करेगा और विभिन्न मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा।

कुल मिलाकर, राजस्थान विधानसभा का यह बजट सत्र बजट घोषणाओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण कानूनों और राजनीतिक बहसों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *