उदयपुर में हेरिटेज वॉक सेवा शुरू, GPS ऑडियो गाइड और NFC की-चेन से जान सकेंगे शहर का इतिहास
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल की गई है। नगर निगम ने हेरिटेज वॉक एवं मार्गदर्शित यात्रा सेवा शुरू की है। इसके पहले चरण में जल विरासत मार्ग का शुभारंभ किया गया। इस सेवा के माध्यम से देशी-विदेशी पर्यटक शहर की ऐतिहासिक जल संरचनाओं, स्थापत्य और सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी और नगर आयुक्त अभिषेक खन्ना सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सेवा का शुभारंभ किया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार, इस परियोजना के लिए गूंज इंडिया संस्था का चयन किया गया है। GPS आधारित ऑडियो गाइड की सुविधा से पर्यटक संबंधित ऐतिहासिक स्थल के निर्धारित क्षेत्र में पहुंचने पर उसके इतिहास और महत्व से जुड़ी जानकारी सुन सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है। भविष्य में फ्रेंच, कोरियाई, जर्मन और स्पेनिश सहित अन्य भाषाओं को भी शामिल करने की योजना है।
NFC तकनीक से मिलेगी जानकारी
इस पहल के तहत NFC चिप युक्त की-चेन भी लॉन्च की गई है। इसे NFC समर्थित मोबाइल उपकरण के पास लाने पर संबंधित ऑडियो गाइड शुरू हो सकेगी। इससे पर्यटकों को विरासत स्थलों की जानकारी प्राप्त करने का एक आधुनिक और सुविधाजनक माध्यम मिलेगा।
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि मेवाड़ की ऐतिहासिक विरासत और संस्कृति ही उदयपुर की वैश्विक पहचान का महत्वपूर्ण आधार हैं। वहीं, विधायक ताराचंद जैन ने विरासत के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल को पर्यटन की दृष्टि से उपयोगी बताया।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य उदयपुर के ऐतिहासिक स्मारकों और जल संरचनाओं के साथ शहर की सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं को भी पर्यटकों तक पहुंचाना है।