राजीविका के अंतर्गत एसएचजी प्रमोटेड व रिवॉल्विंग फण्ड, स्थानीय निकाय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध अपेक्षाकृत कम प्रगति दर्ज की गई है।
20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित
प्रगति बढ़ाने एवं निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के दिए निर्देश
अजमेर, 23 मार्च। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समन्वय समीक्षा बैठक के दौरान 20 सूत्री कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने फरवरी 2026 की मासिक प्रगति एवं तृतीय त्रैमास दिसम्बर 2025 तक की उपलब्धियों का विभागवार मूल्यांकन किया। समीक्षा में पाया गया कि राजीविका के अंतर्गत एसएचजी प्रमोटेड व रिवॉल्विंग फण्ड, स्थानीय निकाय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अजमेर विद्युत वितरण निगम द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध अपेक्षाकृत कम प्रगति दर्ज की गई है। साथ ही राज्य स्तर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अजमेर जिला एनआरएलएम में सी श्रेणी तथा पीएमएवाई में बी श्रेणी में रहा।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों को आवंटित लक्ष्यों में संशोधन की आवश्यकता है। वे तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य सचिव द्वारा राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालना करने को निर्देशित किया । साथ ही जिन विभागों के लक्ष्य एवं उपलब्धियों में अंतर है, वे राज्य स्तर पर अपने विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक संशोधन करवाएं।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है । वे वित्तीय वर्ष 2025-26 की शेष अवधि में लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत गुणात्मक एवं मात्रात्मक उपलब्धि सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयास करते हुए अजमेर जिले को राज्य स्तरीय रैंकिंग में अग्रणी बनाएं तथा ए श्रेणी प्राप्त करने का लक्ष्य अर्जित करें।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, जिला वन अधिकारी श्री पी बाला मुरुगन , अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी एवं श्रीमती वंदना खोरवाल, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक श्रीमती विनीता स्वामी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।