पुष्कर सौंदर्यीकरण कार्यों की जल संसाधन मंत्री ने की व्यापक समीक्षाब्रह्म कॉरिडोर थीम के अनुरूप कार्य करने तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता के दिए निर्देश

पुष्कर सौंदर्यीकरण कार्यों की जल संसाधन मंत्री ने की व्यापक समीक्षाब्रह्म कॉरिडोर थीम के अनुरूप कार्य करने तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता के दिए निर्देश
Spread the love

पुष्कर सौंदर्यीकरण कार्यों की जल संसाधन मंत्री ने की व्यापक समीक्षा
ब्रह्म कॉरिडोर थीम के अनुरूप कार्य करने तथा गुणवत्ता एवं समयबद्धता के दिए निर्देश

अजमेर, 2 अप्रैल। राजस्थान अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) फेज-4 के अंतर्गत पुष्कर में संचालित एवं प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति को लेकर गुरुवार को जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने पुष्कर के विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए कार्यों को अनूठे, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप में क्रियान्वित करने को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटक मधुर स्मृतियां लेकर जाएं तथा तीर्थ नगरी में श्रद्धालुओं को घाटों पर समुचित एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में मंत्री श्री रावत ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा बजट में घोषित ब्रह्म कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण में घाटों का समग्र सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आरयूआईडीपी के कार्यों का समन्वय स्थापित कर एकरूपता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने घाटों पर किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए चेंजिंग रूम, सीढ़ियों पर एंटी-स्किड ट्रीटमेंट, भवनों पर साइनेज, स्टोन स्क्रीनिंग, रैम्प्स एवं घाटों के रेस्टोरेशन कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से ब्रह्मा घाट, जनाना घाट एवं गऊ घाट पर प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व समस्त प्रमुख कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। शेष कार्य भी निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ संपादित हों। उन्होंने ब्रह्म कॉरिडोर की सफेद थीम के अनुरूप ही सभी कार्यों में समान रंग संयोजन अपनाने के निर्देश भी दिए।

श्री रावत ने धौलपुर पत्थर की जाली लगाने के कार्यों में महिलाओं की सुरक्षा एवं निजता का विशेष ध्यान रखने तथा हितधारकों से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त स्थानों का चयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने धौलपुर पत्थर की बेंचों पर पुष्कर की महिमा से संबंधित श्लोक अंकित करने के निर्देश दिए। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। साथ ही 52 घाटों पर सूचना पट्ट कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने जयपुर घाट स्थित आरटीडीसी होटल की दीवारों की मरम्मत कराने, पुष्कर सरोवर में स्थित छतरियों के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा गौ घाट के पुनरुद्धार को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पुष्कर सरोवर एवं आसपास के क्षेत्रों में नालों के निर्माण के आवश्यक कार्यों की पहचान कर शीघ्र उच्च स्तर पर प्रेषित करने को कहा।

फसाद लाइटिंग के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि सप्तऋषि घाट क्षेत्र पर सिमेट्री के साथ आकर्षक लाइटिंग इंस्टॉलेशन किया जाए तथा अन्य घाटों पर भी रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ एवं दर्शनीय बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आरयूआईडीपी के तहत प्रस्तावित कार्यों की डिजाइन एवं रंग ब्रह्म कॉरिडोर की थीम के अनुरूप हेरिटेज लुक में तैयार की जाए। इससे समग्र सौंदर्यीकरण में एक समानता परिलक्षित हो।

बैठक में जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित थीम के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। साथ ही पुष्कर सरोवर की पवित्रता एवं धार्मिक गरिमा हर स्थिति में अक्षुण्ण बनी रहे। तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे टोयलेटस को आवश्यक रूप से सीवरेज से जोड़ा जाना चाहिए। सरोवर के मध्य स्थित महादेव मन्दिर का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेंद्र कुमार मीणा, उपखंड अधिकारी पुष्कर श्री गुरु प्रसाद तंवर, आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता श्री नाहर सिंह, पुर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल पाठक, नगर परिषद पुष्कर के आयुक्त श्री जनार्दन शर्मा, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रवीण प्रताप सिंह, तीर्थ गुरू पुष्कर पुरोहित संघ, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *