शाहपुरा पोषाहार घोटाला: फरार ठेकेदार बनवारी जाट गिरफ्तार, पुलिस रिमांड परभीलवाड़ा – राधिका (सहकारिता की आवाज )
शाहपुरा पोषाहार घोटाला: फरार ठेकेदार बनवारी जाट गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर
भीलवाड़ा – राधिका (सहकारिता की आवाज )
शाहपुरा क्रय-विक्रय सहकारी समिति के तत्कालीन व्यवस्थापक राजेंद्र पंवार द्वारा जुलाई 2024 में दर्ज करवाए गए पोषाहार घोटाले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी ठेकेदार बनवारी लाल जाट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार वर्ष 2023-24 में 277 विद्यालयों में सैकड़ों विद्यार्थियों को पोषाहार वितरण किया जाना था। इसके लिए 1348 क्विंटल गेहूं और 629 क्विंटल चावल आवंटित किया गया था, लेकिन आरोप है कि ठेकेदार बनवारी जाट व विभागीय कर्मचारियों द्वारा यह सामग्री विद्यालयों तक पहुंचाई ही नहीं गई।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। जांच की जिम्मेदारी एसआई बालकिशन शर्मा को सौंपी गई थी। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश बिश्नोई और पुलिस उपाधीक्षक सुरेश चंद के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी बनवारी लाल जाट (निवासी इटावा, किशनगढ़ तहसील रेनवाल, जयपुर) को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 2 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर घोटाले की परतें खोलने में जुटी हुई है।
अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका
सूत्रों के अनुसार इस घोटाले में कुछ विभागीय कर्मियों की भी संलिप्तता हो सकती है। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय कुछ व्यवसायियों ने ठेकेदार से पोषाहार सामग्री कम दामों में खरीद ली।
क्या कहते हैं अधिकारी
जांच अधिकारी एसआई बालकिशन शर्मा ने बताया कि मामले में सघन जांच जारी है और पूछताछ के दौरान और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।