मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 जुलाई को करेंगे केकड़ी दौरा, विधायक गौतम के जन्मदिन समारोह में होंगे शामिल
केकड़ी । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 22 जुलाई को केकड़ी दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री यहां केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम के जन्मदिन समारोह में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर केकड़ी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उतरेगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा महाविद्यालय परिसर में अस्थायी हेलिपैड का निर्माण कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। विधायक शत्रुघ्न गौतम के जन्मदिन पर होने वाले इस समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन की बड़ी उपस्थिति अपेक्षित है।