अजमेर जिले की 261 ग्राम पंचायतों में दो चरणों में होंगे चुनाव

अजमेर जिले की 261 ग्राम पंचायतों में दो चरणों में होंगे चुनाव
Spread the love

10 पंचायत समितियों में मतदान की तैयारियां शुरू, अजमेर ग्रामीण की पंचायतें दोनों चरणों में शामिल

अजमेर। पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत अजमेर जिले की 10 पंचायत समितियों की 261 ग्राम पंचायतों में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की ग्राम पंचायतें दोनों चरणों में विभाजित की गई हैं। वहीं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में होंगे।

23 अक्टूबर को 122 ग्राम पंचायतों में मतदान

पहले चरण में 23 अक्टूबर 2026 को जिले की कुल 122 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इनमें सरवाड़ पंचायत समिति की 25, केकड़ी की 22, सावर की 20, पीसांगन की 26 और श्रीनगर पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की एक ग्राम पंचायत में भी इसी चरण में मतदान होगा।

29 अक्टूबर को 139 ग्राम पंचायतों में चुनाव

दूसरे चरण का मतदान 29 अक्टूबर 2026 को होगा। इस चरण में कुल 139 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें बड़ल्या पंचायत समिति की 25, सिलोरा की 36, अरांई की 23 और भिनाय की 30 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इसके अलावा अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की 25 ग्राम पंचायतों में भी दूसरे चरण में मतदान होगा।

जिला परिषद में 33 वार्ड

अजमेर जिला परिषद के कुल 33 वार्डों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम तय किया गया है। जिला परिषद सदस्यों का चुनाव पहले चरण में कराया जाएगा।

2020 में निर्दलीय सुशील कंवर पलाड़ा ने चौंकाया था

वर्ष 2020 के जिला परिषद चुनाव में जिला प्रमुख का पद सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित था। उस समय जिला परिषद में कुल 32 सीटें थीं। भाजपा ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 11 सीटें आई थीं।

हालांकि जिला प्रमुख के चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदल गए। भाजपा से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरीं सुशील कंवर पलाड़ा ने भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह मझेवला को 14 मतों के अंतर से हराया था। पलाड़ा को 23 वोट मिले थे, जबकि मझेवला के पक्ष में 9 वोट पड़े थे।

इस बार जिला परिषद के वार्डों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है, ऐसे में नए परिसीमन और चुनावी समीकरणों के बीच मुकाबला खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *