धनतेरस के चलते पंचायत चुनाव कार्यक्रम में बदलाव, अजमेर में अब 22 और 28 अक्टूबर को जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव
अजमेर। धनतेरस के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया है। अजमेर जिले में दो चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव की तारीखों में संशोधन किया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव पहले चरण में 22 अक्टूबर और दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को होंगे।
वहीं, पंच-सरपंच के चुनाव पहले चरण में 24 अक्टूबर और दूसरे चरण में 30 अक्टूबर को कराए जाएंगे।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव 23 अक्टूबर और दूसरे चरण में 29 अक्टूबर को प्रस्तावित थे। इसी तरह, पंच-सरपंच के चुनाव पहले चरण में 25 अक्टूबर और दूसरे चरण में 31 अक्टूबर को होने थे। धनतेरस के मद्देनजर इन तारीखों में बदलाव किया गया है।
दो चरणों में होंगे चुनाव
जिले में पहले चरण के तहत सरवाड़, केकड़ी, पीसांगन, सावर और श्रीनगर पंचायत समितियों के साथ अजमेर ग्रामीण की नौ पंचायतों में चुनाव होंगे। वहीं, दूसरे चरण में अजमेर ग्रामीण की 25, बदनोर, सिलोरा, अराईं और भिनाय पंचायत समितियों में चुनाव कराए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम में बदलाव के बाद प्रत्याशियों और मतदाताओं को संशोधित तारीखों के अनुसार अपनी तैयारियां करनी होंगी।