पंचायती राज आम चुनाव 2026 उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
भीलवाड़ा, ashish parashar। राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर भीलवाड़ा जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए नामांकन स्थलों का निर्धारण किया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरितिमा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर चुनाव कार्यक्रम और नामांकन व्यवस्था की जानकारी दी गई।
जिला परिषद के 45 वार्डों के लिए अलग-अलग नामांकन स्थल
जिला परिषद सदस्य पद के लिए जिले के 45 वार्डों के नामांकन पांच अलग-अलग स्थानों पर प्राप्त किए जाएंगे। प्रशासन ने वार्डवार व्यवस्था निर्धारित की है।
- वार्ड 1 से 9: अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) कार्यालय।
- वार्ड 10 से 18: जिला परिषद कार्यालय।
- वार्ड 19 से 27: राजस्व अपील अधिकारी कार्यालय।
- वार्ड 28 से 36: आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक कार्यालय।
- वार्ड 37 से 45: जिला कलेक्टर कार्यालय का सभागार।
प्रत्येक स्थल पर संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी नामांकन पत्र प्राप्त करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पंचायत समिति सदस्य के नामांकन की भी व्यवस्था तय
प्रशासन ने पंचायत समिति सदस्य पद के लिए दोनों चरणों की पंचायत समितियों के नामांकन स्थलों का भी निर्धारण किया है। प्रथम चरण में कोटड़ी, जहाजपुर, मांडलगढ़, बिजोलिया, मांडल, करेड़ा, सुवाणा और बनेड़ा पंचायत समितियों के लिए संबंधित उपखंड कार्यालयों में नामांकन जमा होंगे। खजूरी पंचायत समिति के लिए तहसील कार्यालय जहाजपुर में नामांकन प्राप्त किए जाएंगे।
द्वितीय चरण में रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा, फुलियाकलां, आसींद और हुरड़ा पंचायत समितियों के लिए संबंधित उपखंड कार्यालयों में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। शंभूगढ़ पंचायत समिति के लिए उप तहसील कार्यालय शंभूगढ़ में नामांकन पत्र जमा होंगे।
सरपंच और वार्ड पंच के नामांकन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर
सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नामांकन पत्र प्रस्तुत करने होंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है, ताकि नामांकन से संबंधित कार्य निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संपन्न हो सकें।
राजनीतिक दलों को दी गई चुनाव संबंधी जानकारी
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिटी प्रतिभा देवटिया सहित भाजपा, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्वाचन विभाग की ओर से भी अधिकारी शामिल हुए। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और नामांकन स्थलों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की गई।
प्रशासन की ओर से की गई इन तैयारियों का उद्देश्य जिले में पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।