15 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर पर होगा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का सामाजिक अंकेक्षण
जयपुर, Prateek Parashar :
खाद्य विभाग, राजस्थान-जयपुर के निर्देशानुसार 15 अगस्त 2025 को राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) का सामाजिक अंकेक्षण किया जाएगा।
आयोजन में संबंधित ग्राम पंचायत के उचित मूल्य दुकानदार अपने रेकॉर्ड सहित उपस्थित रहेंगे और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवंटित खाद्यान्न के वितरण संबंधी जानकारी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपभोक्ताओं के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई उचित मूल्य दुकानदार सामाजिक अंकेक्षण में अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह पहल पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र उपभोक्ताओं तक सही समय पर और सही मात्रा में पहुंचे।