बाइक पर आए हमलावरों ने युवक पर किया फायर।

बाइक पर आए हमलावरों ने युवक पर किया फायर।
Spread the love

शाहपुरा में त्रिमूर्ति चौराहे की घटना।
घायल युवक को भीलवाड़ा किया रेफर।
दहशत का माहौल, हमलावरों की तलाश में की नाकाबंदी, टीमों का किया गठन।
शाहपुरा, 13 अक्टूबर 2025।
गत सप्ताह भीलवाड़ा में हुई फायरिंग मामले के बाद सोमवार रात साढ़े 10 बजे बाद शाहपुरा त्रिमूर्ति चौराहे पर बाइक पर आए दो हमलावरो ने एक युवक पर फायर कर दिया। वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर घायल युवक को शाहपुरा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां युवक को भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। इस घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे त्रिमूर्ति चौराहे पर सलीम खान खड़े थे, तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और उन पर गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। कुछ लोगों को पहले लगा कि यह पटाखे की आवाज है, लेकिन सलीम के चिल्लाने और जमीन पर गिरने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई। स्थानीय दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं और भीड़ जमा हो गई। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष पंकज सुगंधी ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, सर्किल अधिकारी ओम प्रकाश बिश्नोई और थाना अधिकारी सुरेश चंद्र माय जाप्ते के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
एसएसपी राजेश आर्य ने बताया कि अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। विजयनगर मार्ग, जहाजपुर मार्ग और भीलवाड़ा सहित जिले भर में नाकाबंदी के आदेश दिए गए हैं। संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और कुछ लोगों से पूछताछ जारी है।
आपसी रंजिश का मामला: पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सलीम खान के एक पुत्र द्वारा भागकर शादी करने के कारण दो पक्षों के परिजनों के बीच कुछ समय से आपसी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश को इस हमले का कारण माना जा रहा है। पुलिस घायल के बयानों के आधार पर गहन जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
लोगो में दहशत का माहौल: त्रिमूर्ति चौराहा, जो शाहपुरा का व्यस्ततम क्षेत्र है, वहां इस तरह की घटना से लोग स्तब्ध हैं। फायरिंग की आवाज और उसके बाद की अफरा-तफरी ने स्थानीय निवासियों में डर का माहौल पैदा कर दिया।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को आश्वस्त करने के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू की है। एसएसपी राजेश आर्य ने बताया कि इस मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। एसएसपी आर्य ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Dev Krishna Raj Parashar - Shahpura

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *