राहुल गांधी का BJP पर हमला: कहा डबल इंजन सरकार ने आम आदमी का जीवन संकट में डाला
नई दिल्ली (प्रतीक पाराशर)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि देशभर में चल रही “डबल इंजन” सरकारों ने आम नागरिक का जीवन मुश्किलों से भर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, सत्ता का दुरुपयोग और अहंकार भाजपा की राजनीति की जड़ में बैठ चुका है, जिसका सबसे बड़ा खामियाजा गरीब, मजदूर और मध्यमवर्ग को भुगतना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में आम आदमी की ज़िंदगी केवल आंकड़ों तक सीमित होकर रह गई है। विकास के नाम पर वसूली का तंत्र खड़ा कर दिया गया है, जबकि ज़मीनी सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। उन्होंने उत्तराखंड की अंकिता भंडारी हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पूरे देश को झकझोरने वाली थी, लेकिन आज भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि सत्ता का संरक्षण किसे बचा रहा है और कानून सबके लिए समान कब होगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड का हवाला देते हुए कहा कि सत्ता के नशे में अपराधियों को बचाने की कोशिशें जगजाहिर हैं, जबकि पीड़ितों को न्याय पाने के लिए असहनीय संघर्ष करना पड़ा। इसके साथ ही उन्होंने इंदौर सहित कई राज्यों में जहरीले और दूषित पानी से हो रही मौतों और बीमारियों पर चिंता जताई। गुजरात, हरियाणा और दिल्ली तक खराब पानी की आपूर्ति की शिकायतें सरकार की लापरवाही को उजागर करती हैं।
राहुल गांधी ने पर्यावरण को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अरावली से लेकर अन्य प्राकृतिक क्षेत्रों तक, जहां-जहां बड़े उद्योगपतियों के हित जुड़े, वहां नियमों को ताक पर रख दिया गया। पहाड़ों की कटाई, जंगलों का विनाश और इसके बदले जनता को प्रदूषण व आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की हालत पर भी नाराजगी जताई। बच्चों की मौत से जुड़े सिरप कांड, अस्पतालों में नवजातों की सुरक्षा में चूक और जर्जर स्कूल भवनों की घटनाएं किसी हादसे का नहीं, बल्कि व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार का परिणाम हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि पुलों के गिरने, सड़कों के धंसने और ट्रेन हादसों में परिवारों के उजड़ने के बाद सरकार की प्रतिक्रिया केवल औपचारिकताओं तक सीमित रहती है। फोटो सेशन, ट्वीट और मुआवज़े के ऐलान से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का “डबल इंजन” अगर चल रहा है तो वह केवल चुनिंदा अमीरों के लिए, जबकि आम भारतीय के लिए यह सरकार विकास नहीं, बल्कि तबाही की रफ्तार बन चुकी है।