राजस्थान में ‘छोटी सरकार’ की नींव रखने की तैयारी, जयपुर में कांग्रेस का पंचायती राज सशक्तिकरण सम्मेलन आज
जयपुर।
राजधानी जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आज दोपहर 12 बजे से कांग्रेस का पंचायती राज सशक्तिकरण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक का उद्देश्य पंचायत और नगर निकाय स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा करना और आगामी चुनावों के लिए कार्ययोजना तय करना है। सम्मेलन में प्रदेश भर से कांग्रेस से जुड़े पंचायती राज प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी और संगठन कार्यकर्ता भाग लेंगे।
ग्राउंड लेवल संगठन पर फोकस
सम्मेलन में बूथ, वार्ड और पंचायत स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित करने पर मंथन होने की संभावना है।
पार्टी नेतृत्व द्वारा ग्रामीण रोजगार और मनरेगा से जुड़े हालिया नीतिगत बदलावों को लेकर जनआंदोलन और जनसंपर्क अभियानों की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी प्रस्तावित है।
आगामी चुनावों से पहले अहम बैठक
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह सम्मेलन आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस की संगठनात्मक तैयारी और रणनीतिक दिशा स्पष्ट करने वाला माना जा रहा है।