बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अजमेर की ओर से बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिनांक 06 मार्च 2026 को जिले के सभी जिला अस्पतालों, जेएलएन चिकित्सालय अजमेर तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई जाएगी।
यह टीकाकरण कार्यक्रम बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। विभाग द्वारा अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी 14 वर्ष आयु की बालिकाओं को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आएं और उन्हें एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
डॉक्टर ज्योत्सना रंगा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर ने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की गई है तथा चिकित्सा दलों को इसके लिए निर्देशित किया गया है।
चिकित्सा विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।