अजमेर में 13 मार्च से चेटीचंड पखवाड़ा महोत्सव शुरू, 20 मार्च को निकलेगा भव्य जुलूस

अजमेर में 13 मार्च से चेटीचंड पखवाड़ा महोत्सव शुरू, 20 मार्च को निकलेगा भव्य जुलूस
Spread the love

अजमेर। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल की जयंती के अवसर पर अजमेर में 13 मार्च से 25 मार्च तक चेटीचंड पखवाड़ा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। पूज्य झूलेलाल जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के दौरान शहर में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। इस बार 32 संस्थाओं के सहयोग से कुल 39 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव की शुरुआत संतों द्वारा भगवान झूलेलाल की प्रतिमा पर धर्मध्वजा पूजन के साथ की जाएगी। इसके बाद पखवाड़े भर अलग-अलग स्थानों पर भजन, सत्संग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

समिति के अध्यक्ष कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि अजमेर की पंचायत संस्थाओं के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चेटीचंड उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। विशेष रूप से सिंध की पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हर आयोजन में सिंधी पारंपरिक छेज और डांडिया प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए खास तौर पर पारंपरिक डांडिया भी तैयार कराए गए हैं। कार्यक्रमों में सिंधी वेशभूषा, भजन, लोकगीत और खेलकूद से जुड़े आयोजन भी शामिल किए गए हैं।

20 मार्च को निकलेगा भव्य चेटीचंड जुलूस

पखवाड़े के दौरान 20 मार्च को अजमेर शहर में चेटीचंड का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में भगवान झूलेलाल की झांकियां, सांस्कृतिक झलकियां और पारंपरिक वेशभूषा में समाज के लोग शामिल होंगे। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी।

प्रतिभा सम्मान समारोह भी होगा

समिति के महामंत्री महेंद्र कुमार तीर्थाणी ने बताया कि पखवाड़े के दौरान समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों को सम्मान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को सिंधी भाषा और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से भी विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं, ताकि आने वाली पीढ़ी अपने सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं से परिचित हो सके।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *