जनगणना – 2027अजमेर में फील्ड ट्रेनर्स का 3-दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभजीरो एरर और 100 प्रतिशत डिजिटल डेटा संकलन पर जिला कलक्टर का जोरजिले के 3799 ब्लॉक्स के लिए 4200 से अधिक प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को करेंगे तैयार
जनगणना – 2027
अजमेर में फील्ड ट्रेनर्स का 3-दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभ
जीरो एरर और 100 प्रतिशत डिजिटल डेटा संकलन पर जिला कलक्टर का जोर
जिले के 3799 ब्लॉक्स के लिए 4200 से अधिक प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को करेंगे तैयार
अजमेर, 15 अप्रैल। आगामी जनगणना – 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को जिले में त्रुटिरहित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बुधवार को अजमेर के जिला परिषद सभागार में फील्ड ट्रेनर्स (एफटी) का 3 दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री लोक बंधु ने किया।
फील्ड ट्रेनर्स हैं जनगणना की रीढ़ की हड्डी
उद्घाटन संबोधन में जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने फील्ड ट्रेनर्स की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ये 70 प्रशिक्षक पूरे जिले के जनगणना अभियान की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने बताया कि यही ट्रेनर्स आगे चलकर ग्राउंड जीरो पर कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसलिए मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दी जा रही एक-एक जानकारी को पूरी गंभीरता से सीखना आवश्यक है। श्री लोक बन्धु ने स्पष्ट किया कि देश और राज्य की आगामी 10 वर्षों की विकास योजनाएं इन्हीं आंकड़ों पर निर्भर करेंगी। इसलिए फील्ड डेटा में जीरो एरर और 100 प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित करनी है।
जिले में तैयार होगी 4200 से अधिक कार्मिकों की फौज
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक एवं उप-जिला जनगणना अधिकारी श्री फूल सिंह ने जिले की वृहद कार्ययोजना के आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण अजमेर जिले (नगर निगम क्षेत्र सहित) में कुल 3799 मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। इन ब्लॉक्स में घर-घर जाकर डेटा संकलन करने के लिए 3653 प्रगणकों और 610 पर्यवेक्षकों (कुल 4263 फील्ड कार्मिकों) को नियुक्त किया जाएगा। जिले के कुल 70 फील्ड ट्रेनर्स (54 ग्रामीण तथा नगरीय निकाय एवं 16 नगर निगम अजमेर) इन हजारों कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे।
भारत की पहली पूर्णतया डिजिटल जनगणना
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री समीर शर्मा और राष्ट्रीय स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री युधिष्ठिर प्रसाद वर्मा ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना – 2027 की अवधारणाओं, मकान सूचीकरण की बारीकियों और तकनीकी पहलुओं का विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि यह भारत की पहली पूर्णतया डिजिटल जनगणना है। इसमें कागज की जगह मोबाइल ऐप और सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से डेटा संकलन किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान सभी फील्ड ट्रेनर्स को निदेशालय द्वारा प्राप्त पुस्तिकाएं वितरित की गईं। फील्ड ट्रेनर्स का यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच 15 से 17 अप्रेल एवं द्वितीय बैच 20 से 22 अप्रेल तक आयोजित किया जाएगा। प्रथम बैच अगले दो दिवस और चलेगा। इसमें मोबाइल ऐप के व्यावहारिक उपयोग और फील्ड विजिट पर विशेष फोकस रहेगा। प्रशिक्षण के दौरान श्री फूल सिंह संयुक्त निदेशक एवं उपजिला जनगणना अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।