पृथ्वीराज नगर क्षेत्र में बनने जा रहा कन्वेंशन सेन्टर नए अजमेर की पहचान बनने जा रहा है। यह कन्वेंशन सेन्टर बड़े-छोटे आयोजनों, समारोहों, सांस्कृतिक और गीत संगीत सहित बड़े कलाकारों के आयोजनों को मंच प्रदान करेगा। यहां बड़ी सरकारी और जिनी बैठकों, थियेटर और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी होंगी।
कन्वेंशन सेन्टर बनेगा नए अजमेर की पहचान, अब 34 करोड़ होंगे खर्च
विधानसभा अध्यक्ष ने ली एडीए की बैठक
बड़ा मीटिंग हॉल, कन्वेंशन सेन्टर, ओपन एयर थियेटर
फर्म ने दिया प्रजेंटेशन
कैफेटेरिया बनेगा, पहाड़ों की सुदरता बनेगी आकर्षण
अजमेर, 15 अप्रैल। पृथ्वीराज नगर क्षेत्र में बनने जा रहा कन्वेंशन सेन्टर नए अजमेर की पहचान बनने जा रहा है। यह कन्वेंशन सेन्टर बड़े-छोटे आयोजनों, समारोहों, सांस्कृतिक और गीत संगीत सहित बड़े कलाकारों के आयोजनों को मंच प्रदान करेगा। यहां बड़ी सरकारी और जिनी बैठकों, थियेटर और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी होंगी। यानि परिवार के साथ एक पूरी शाम यहां बिताई जा सकेगी। अब यह कन्वेंशन सेन्टर 34 करोड़ रूपए की लागत से बनेगा। प्रथम चरण के तुरंत बाद इसके लिए दूसरे चरण की कार्यवाही शुरू होगी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को सर्किट हाउस में अजमेर विकास प्राधिकरण की बैठक ली। बैठक में कन्वेंशन सेन्टर, चौरसियावास तालाब और वरूण सागर विकास का प्रजेंटेशन भी दिया गया।
देवनानी के निर्देश पर एडीए ने अजमेर कन्वेंशन सेन्टर के वृहद विकास की योजना तैयार की है। कन्वेंशन सेन्टर के विकास पर 34 करोड़ रूपए खर्च होंगे। इनमें से 28 करोड़ रूपए की राशि अजमेर विकास प्राधिकरण एवं 6 करोड़ रूपए एक अन्य योजना के तहत खर्च होंगे। यहां विद्युत संबंध कार्य के लिए भी बड़ी धनराशि खर्च की जाएगी।
कन्वेंशन सेन्टर को हजारों लोगों की क्षमता के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। करीब 3.2 हैक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले इस सेन्टर में छोटे कॉन्सर्ट, शो, मीटिंग, सभाएं एवं अन्य सांस्कृतिक आयोजन हो सकेंगे। यहां एक हजार से अधिक क्षमता का सभागार, ओपन एयर थियेटर और कैफेटेरिया सहित सैकड़ों कारों की पार्किंग भी हो सकेगी। यानि जयपुर, उदयपुर, जोधपुर की तर्ज पर कॉन्सर्ट या अन्य आयोजनों के समय आप परिवार के साथ पूरी शाम यहां बिता सकते हैं। इसके साथ ही ओपन स्पेस को इस तरह तैयार किया जा रहा है जहां से आप पहाड़ और लाइटिंग भी देख सकते हैं। पूरे सेन्टर में बेसमेंट, फाउंटेन और छोटा कॉन्फ्रेंस हॉल भी बनेगा।
बोटिंग और सैर के लिए तैयार होगा चौरसियावास तालाब
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण ने चौरसियावास तालाब सौन्दर्यीकरण की भी योजना प्रस्तुत की। श्री देवनानी ने कहा कि तालाब को इस तरह से विकसित किया जाएगा कि शहर और बाहर से आने वाले लोगों को आनासागर, वरूण सागर के बाद घूमने के लिए एक और विकल्प मिल सके। श्री देवनानी ने निर्देश दिए कि तालाब क्षेत्र के अतिक्रमण सख्ती से हटाए जाएं। यहां तालाब की मिट्टी निकाल कर गहरा किया जाए ताकि बोटिंग का विकल्प विकसित हो। इसके साथ ही गार्डन, लाइटिंग और वॉक वे के साथ ही छोटा कैफेटेरिया भी प्रस्तावित किया जाए। इससे आसपास के हजारों लोगों के लिए सैर का नया विकल्प बनेगा। याहं पानी के भराव और निकास के लिए आवक-जावक के रास्ते भी विकसित किए जाएं। डेकोरेटिव लाइट, जेट फाउंटेन और अन्य सुविधाएं भी विकसित होंगी।
वरूण सागर का होगा विकास
बैठक में श्री देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण से वरूण सागर के विकास, सौन्दर्यीकरण पर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इसकी विस्तृत डीपीआर तैयार की जाए। बैठक में केसरबाग पुलिया, ब्रह्मपुरी पुलिया ऊंची करने के लिए नगर निगम को राशि देने, आनासागर पुलिस चौकी के लिए राशि देने, डीएमएफटी से स्कूलों के कक्षा कक्ष निर्माण, मल्टीपर्पज स्टेडियम, सड़कों का पेचवर्क, नाला निर्माण आदि की भी समीक्षा की गई। बैठक में एडीए सचिव अनिल पूनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।