राष्ट्रीय तथा राज्य राजमार्गों पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश ।
जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
अजमेर, 20 अप्रेल। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें राष्ट्रीय तथा राज्य राजमार्गों पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति गठित की गई है। इसके द्वारा जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की सड़क सीमा के भीतर स्थित अवैध अतिक्रमणों को हटाने संबंधी कार्यवाही की समीक्षा की गई। बैठक में सदस्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री अशोक कुमार तंवर ने इस संबंध में की गई कार्यवाही से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि एनएचएआई जयपुर द्वारा 12 अतिक्रमण चिह्नित किए गए है। इनमें से 6 वाणिज्यिक संरचनाएं हटा दी गई है। एनएचएआई अजमेर द्वारा 13 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें से 3 हटा दिए गए है। इसी प्रकार राष्ट्रीय एवं राज्यमार्गों के राइट ऑफ वे के भीतर भी अतिक्रमणों की पहचान कर रिपोर्ट बनाई गई है। इसके अतिरिक्त अन्य राजमार्गों पर से भी अतिक्रमण चिह्नित कर हटाने की कार्यवाही होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संरचनाओं को हटाने के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाए। चिह्नित अतिक्रमणों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए तथा इस कार्यवाही के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार एवं प्रभावी तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। संबंधित को नोटिस देकर हटाने की कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के., अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी एवं श्रीमती वन्दना खोरवाल, अजमेर विकास प्राधिकरण की उपायुक्त श्रीमती निशा सहारन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।